आरोपी काफी समय से आईएसआई के एक एजेंट से सोशल मीडिया एप के जरिए बात कर रहा था। उसके फोन से पाकिस्तान में बैठे एजेंटों से हुई चैट भी रिकवर हो गई है। पूछताछ में यह भी बताया कि इससे पहले उसने सेना और अन्य स्थानों की जानकारी भी खुफिया एजेंसियों की भेजी थी, जो उसने डिलीट कर दी है।
पंजाबी भाषा व राजनीति विज्ञान में कर चुका है एमए
तपिंदर सिंह काफी पढ़ा-लिखा है। उसने चंडीगढ़ के एक निजी कॉलेज से पंजाबी भाषा में और पंजाब विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में एमए की डिग्री हासिल की है। वह 2018 में सोशल मीडिया के जरिए आईएसआई के संपर्क में आया और उसके बाद वह उनके लिए काम करने लगा।
आरपीजी अटैक में भी होगी पूछताछ
ऑपरेशन सेल को आरोपी पर मोहाली स्थित पुलिस के खुफिया मुख्यालय और तरनतारन के सरहाली थाने की फोटो आतंकी संगठनों को भेजने का शक है। इन दोनों जगहों पर सात महीने के भीतर आरपीजी अटैक हुए हैं। दोनों अटैक के सिलसिले में भी उससे पूछताछ की जाएगी।
तपिंदर के घर पर ताला, पड़ोसियों को कोई जानकारी नहीं
तपिंदर सिंह के सेक्टर 40 डी स्थित मकान पर गुरुवार को ताला लगा था। पड़ोसियों को भी उसके पकड़े जाने और पुलिस के आने की कोई जानकारी नहीं थी। पड़ोसियों ने बताया कि पुलिस की वर्दी में यहां कोई भी दिखाई नहीं दिया। दूसरी ओर कॉलेज और विश्वविद्यालय प्रबंधन की ओर बताया गया कि उनसे अभी पुलिस ने कोई जानकारी नहीं मांगी है।