एसएसपी नौनिहाल सिंह से जान का खतरा बताकर हाईकोर्ट में याचिका दायर करने वाले उनके दोस्त जसविंदर वालिया द्वारा ई- मेल से भेजी गई शिकायत आईजी आरपी उपाध्याय को मिल गई है।
आईजी ने वालिया के आरोपों की जांच करने के आदेश दिए हैं। पुलिस की ओर से उन नंबरों को चेक किया जा रहा है जिन्हें एसएसपी द्वारा सर्विलांस पर लगाए जाने के वालिया ने आरोप लगाए हैं।
लुधियाना के राजगुरु नगर के मकान नंबर-191 सी में रहने वाले वालिया ने शिकायत में कहा है कि बीते हफ्ते एसएसपी के खिलाफ याचिका दायर करने के बाद से उनकी जान और आजादी पर लगातार खतरा बना हुआ है।
वालिया ने आरोप लगाया कि मेरा और मेरे परिवार से संबंधित लोगों का फोन नौनिहाल सिंह ने सर्विलांस पर लगाया है। शिकायत में मेल भी हैक करने का आरोप लगाया गया है।
इसके अलावा यह भी कहा गया है कि नौनिहाल सिंह ने उन्हें प्रत्यक्ष रूप से डराया-धमकाया भी है। उनके करीबी लोग उन पर लगातार हाईकोर्ट में दायर याचिका वापस लेने का दबाव बना रहे हैं।
मालूम हो कि एसएसपी के दोस्त रहे वालिया पहले ही हाईकोर्ट में भी अर्जी दाखिल कर चुके हैं जिस पर मंगलवार को हाईकोर्ट में सुनवाई होनी है।