नवरात्र : बिना लाइन में लगे श्रद्धालु कर सकेंगे माता के दर्शन
आश्विन नवरात्र को लेकर श्री माता मनसा देवी मंदिर, कालका स्थित श्री काली माता मंदिर के अलावा जिले के अन्य मंदिरों में रौनक शुरू हो गई है। मनसा देवी मंदिर में नवरात्र मेला शुरू हो गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। इस बार जो श्रद्धालु बिना लाइन में लगे माता के दर्शन करना चाहते हैं, उनके लिए माता मनसा देवी मंदिर में विशेष व्यवस्था की गई है।
वीवीआईपी दर्शन के लिए दो तरह के दर्शनों का अलग-अलग चार्ज निर्धारित किया गया है। गर्भ गृह दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को 500 रुपये और साइड से दर्शन के लिए 100 रुपये देने होंगे। इसके लिए बोर्ड की तरफ से मार्केट में एक अस्थाई कार्यालय बनाया गया है। जहां से माता के दर्शन के लिए श्रद्धालु पैसा देकर टोकन ले सकेंगे। इसके अलावा जो श्रद्धालु घर बैठे माता मनसा देवी के दर्शन करना चाहते हैं। उनको श्राइन बोर्ड की वेबसाइट जाकर 100 रुपये शुल्क देकर रजिस्ट्रेशन करवाना होगा। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन प्रसाद, चोला सहित अन्य सामग्री की भी सुविधा दी गई है। मंदिर परिसर स्थित धर्मशाला में कमरे की बुकिंग के लिए भी ऑनलाइन सुविधा बोर्ड की तरफ से दी गई है।
90 सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
श्राइन बोर्ड की ओर से पहले इस बार नए आधुनिक 30 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जिसकी मदद से रात के अंधेरे में भी मंदिर परिसर में होने वाली सभी हरकतों पर नजर रखी जा सकेगी। इससे पहले मंदिर परिसर में 60 कैमरे स्थापित किए गए हैं। मंदिर परिसर और आसपास पुलिसकर्मी बॉडी कैमरों से लैस रहेंगे। मेले में सुरक्षा के लिए डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर, क्राइसिस मैनेजमेंट टीम, स्ट्राइकिंग रिजर्व, टीयर गैस स्कवायड, बम डिस्पोजल, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड की टीमों को भी तैनात किया गया है।
समस्या के समाधान के लिए सहायता केंद्र
किसी भी तरह की समस्या होने पर श्रद्धालु सहायता केंद्र जा सकेंगे। यहां पर पुरुष और महिला दोनों पुलिसकर्मी 24 घंटे मौजूद होंगे। इसके अलावा माता मनसा देवी मेले के दौरान असॉल्ट ग्रुप की टीम तैयार करके मेले में तैनात की गई हैं, ताकि मेले में बम इत्यादि की सूचना मिलने पर तुरंत एक्शन लिया जा सकेगा। मंदिर में डॉक्टरों की विशेष टीम मौजूद रहेगी। मंदिर परिसर में एटीएम की सुविधा भी है।