चंडीगढ़। कोरोना टीकाकरण अभियान में लापरवाही बरतने पर मलोया स्वास्थ्य केंद्र केप्रभारी की सेवा समाप्त कर दी गई है। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीकेनागपाल ने बताया कि डॉ. अभिषेक कपिला को नया केंद्र प्रभारी नियुक्त किया गया है। उन्हें केंद्र पर ओपीडी की व्यवस्था के साथ टीकाकरण व अन्य सुविधाओं केबेहतर प्रबंधन का निर्देश दिया गया है।
डॉ. नागपाल ने बताया कि कोरोना टीकाकरण अभियान में सत्र आयोजन का समय सुबह 8.30 से दोपहर 3 बजे तक का तय किया गया है। मलोया केंद्र के लगातार देरी से खुलने की शिकायत मिल रही थी। डॉ. नागपाल ने कहा कि अगर आगे ऐसी शिकायत मिली तो कड़ी कार्रवाई होगी। बता दें कि अमर उजाला लगातार टीकाकरण केंद्र की लाइव रिपोर्ट प्रकाशित कर केंद्र के समय से न खुलने से लाभार्थियों को हो रही परेशानी सामने ला रहा है। इसे गंभीरता से लेते हुए चिकित्सा अधीक्षक ने यह कार्रवाई की है।