चरणजीत सिंह चन्नी ने पदभार संभालने के बाद एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने पंजाब में किसानों के सभी बकाया बिल माफ करने का एलान किया है। चन्नी ने कहा कि अगर किसानों और खेती करने वालों को किसी तरह की आंच आई तो मैं अपनी गर्दन भी उनके आगे कर दूंगा। वहीं खुद को आम आदमी बताते हुए पंजाब आलाकमान का आभार जताया। उन्होंने सोनिया गांधी, राहुल गांधी समेत पूरी पार्टी का धन्यवाद किया।
सीएम ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि जिसके घर में छत नहीं थी, आज वो सीएम बना। कांग्रेस ने एक गरीब को इतना बड़ा पद दिया है। राहुल गांधी गरीब लोगों के साथ खड़े हैं। मैं पंजाब के हर आम आदमी की तरफ से राहुल गांधी जी का और कांग्रेस का धन्यवाद करता हूं। खुद को सीएम बनाए जाने को उन्होंने चमकौर साहिब की धरती की कृपा बताया। उन्होंने कहा कि मैं गरीबों का नुमाइंदा हूं। अब पंजाब के लोगों को आगे लेकर जाना है। कांग्रेस को मजबूत करना है। चन्नी ने कहा कि अगर किसानी टूटती है तो पंजाब टूट जाएगा। किसानी है तभी देश है। पंजाब सरकार हर तरीके से किसानों के साथ खड़ी है। हम किसानों के लिए सब कुछ देने को तैयार हैं। बिना किसी लालच के हम किसानों के साथ खड़े हुए हैं। किसानी डूबी तो हिंदुस्तान डूबेगा।