नए मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती कैप्टन अमरिंदर सिंह की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि कप्तान ने पंजाब के लोगों के लिए काफी अच्छा काम किया है। हम उनके काम को आगे बढ़ाएंगे। चन्नी ने कहा, नई सरकार का किसी के खिलाफ कोई प्रतिशोध नहीं है। हम कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रस्तावित एजेंडे पर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी सर्वोच्च है, मुख्यमंत्री या कैबिनेट नहीं। सरकार पार्टी की विचारधारा के अनुसार काम करेगी। इस मौके पर पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू, पार्टी के प्रदेश प्रभारी हरीश रावत, मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा और ओपी सोनी भी नए मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे।
हड़ताली मुलाजिमों को काम पर लौटने की अपील
मुख्यमंत्री चन्नी ने राज्य के सरकारी मुलाजिमों के बारे में कहा कि यही मुलाजिम राज्य सरकार को चला रहे हैं और वे जल्द से जल्द उनकी लंबित मांगों का निराकरण करेंगे। उन्होंने इन दिनों हड़ताल कर रहे विभिन्न मुलाजिम संगठनों से अपील की है कि वह हड़ताल बंद करके काम पर लौट आएं। उनकी सरकार कच्चे मुलाजिमों को पक्का करने समेत सभी तरह की मांगों का निपटारा करेगी।
चन्नी ने कहा कि वह हर हफ्ते दो दिन आम लोगों के मिलने के लिए सचिवालय में उपस्थित रहेंगे। उन्होंने सचिवालय के अफसरों को भी ताकीद की कि वह समस्याएं लेकर पहुंचने वाले लोगों से मिलें और उनकी समस्याओं का हल करें। उन्होंने यह भी कहा कि सचिवालयों में आम लोगों के प्रवेश के लिए एंट्री पास आदि बनाने के झंझट को देखते हुए खुद अफसर तय करें कि आम लोगों के लिए आना-जाना आसान हो सके। चन्नी ने सभी जिला उपायुक्तों को भी ताकीद की है कि वह आम लोगों से मिलने की व्यवस्था बनाएं और समय पर कार्यालयों में उपस्थित रहें।
मैंने कार में लगा रखा है बिस्तर
कामकाज में समय की पाबंदी की तरफ इशारा करते हुए चरणजीत चन्नी ने कहा कि उन्होंने अपनी कार में ही बिस्तर लगा रखा है। सुबह 4 बजे निकलकर 7 बजे तक अपने काम पर पहुंच जाता हूं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी समय की पाबंदी का ध्यान रखें और लापरवाही न बरतें।
मीडिया के सवालों से बचे चन्नी
पंजाब भवन में सोमवार को प्रेसवार्ता के दौरान चन्नी ने करीब 40 मिनट तक अपनी बात रखी। हालांकि इस मौके पर उनके साथ उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर रंधावा और ओपी सोनी भी मौजूद रहे लेकिन दोनों उपमुख्यमंत्री कुछ नहीं बोले। चन्नी जब अपनी बात समाप्त कर चुके तो सवालों की बौछार के साथ तैयार पत्रकार इससे पहले कोई सवाल पूछते, चन्नी यह कहते हुए उठकर चले गए कि आज इतना ही काफी है। बाकी बातें फिर किसी दिन करेंगे। पत्रकारों के जोर दिए जाने पर उन्होंने कहा कि वह अब मिलते रहेंगे।