समझौता एक्सप्रेस के जरिए पाकिस्तान से अटारी रेलवे स्टेशन पहुंचे भारतीय मूल के दो लोगों से 6500 रुपये की जाली भारतीय करेंसी बरामद की गई है। अटारी रेलवे स्टेशन पर तैनात सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने दोनों को हिरासत में ले लिया। उनकी तलाशी के दौरान दो हजार के दो और पांच सौ के पांच नोट मिले।
कस्टम कमिश्नर दीपक गुप्ता ने बताया कि विभाग को जानकारी मिली थी कि लोकसभा चुनाव के दौरान पाकिस्तान भारत में बड़ी संख्या में जाली करेंसी भेजने का षड्यंत्र रच रहा है। इन दोनों भारतीय यात्रियों को यह जाली करेंसी पाकिस्तान में कहां से मिली, कितने भारतीय रुपयों के बदले 6500 रुपये की जाली करंसी मिली, इस बारे में सुरक्षा एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं।