कनाडा में बैठे आतंकी और गैंगस्टर नाबालिगों और कॉलेज-यूनिवर्सिटी में पढ़ रहे छात्रों में बरगला रहे हैं। कुछ लोगों के खातों में पैसे तक डाले हैं। अब इन्हीं को मोहरा बनाकर विदेश में छिपे आतंकी पंजाब में माहौल बिगाड़ने की कोशिश में हैं। तरनतारन के सरहाली थाने पर रॉकेट प्रोपेल्ड ग्रेनेड (आरपीजी) से हमला में आतंकियों के इसी ट्रेंड का खुलासा हुआ था। इसमें आतंकियों ने 10 नाबालिगों को बरगला कर वारदात को अंजाम दिया था।
विदेश से आकर दे रहे वारदातों को अंजाम
पुलिस के लिए अब एक नई चिंता यह भी बन गई है कि विदेश में बसे शातिर भारत आकर यहां बड़ी वारदात को अंजाम देकर निकल जाते हैं। अगस्त में आतंकी हरजीत सिंह को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया गया था। उसके सहयोगी अमरिंदर सिंह को खन्ना से काबू किया है। उन पर टेरर फंडिंग व राज्य में टारगेट किलिंग की योजनाओं में शामिल होने का आरोप है।
हरजीत सिंह ने अमरिंदर उर्फ बंटी को फंडिंग और आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाई है। दोनों सोशल मीडिया के माध्यम से एक-दूसरे के संपर्क में आए थे। इतना ही नहीं इन्हें विदेश में हथियार चलाने की ट्रेनिंग भी दिलाई जाती है। घटनास्थल से कैसे निकलना है, यह भी सिखाया जाता है।