चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय ने फिर रोस्टर (पदोन्नति में आरक्षण) फंसा दिया। इस प्रकरण को यहां के कर्मचारियों ने एससी आयोग पंजाब को अवगत कराया तो वहां से पीयू को नोटिस जारी हुआ है। साथ ही 27 अक्तूबर तक जवाब मांगा गया है।
पीयू की ओर से बनाई गई कमेटी ने रोस्टर तैयार करके वीसी के पास भेज दिया, लेकिन वहां से मंजूर नहीं हो पाया। कर्मचारियों ने इसके लिए इंतजार किया, पर बात नहीं बनी। आखिर में उन्होंने पंजाब अनुसूचित जाति आयोग को पत्र लिखकर अवगत कराया कि रोस्टर के प्रकरण को फिर रोक दिया गया है। वीसी रोस्टर को लेकर राजी हैं, लेकिन उन्हें गुमराह किया जा रहा है। तर्क दिया जा रहा है कि बिना सिंडिकेट व सीनेट के यह पास नहीं हो सकता। कर्मचारियों ने कहा कि वीसी ने सिंडिकेट व सीनेट की गैर-मौजूदगी में कई अधिकारियों को जिम्मेदारी दी है। कई कार्य और भी किए गए हैं। ऐसे में रोस्टर भी बिना सिंडिकेट व सीनेट के पास किया जा सकता है। इस शिकायत को आयोग ने समझा और पीयू से जवाब मांगा है।