पंजाब में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने सरकार के खिलाफ 132 पन्नों की चार्जशीट जारी की है। शिअद प्रधान सुखबीर बादल ने चार्जशीट जारी करते हुए आरोप लगाया कि पंजाब में कैप्टन और दिल्ली में केजरीवाल ने भ्रष्टाचार और घोटालों के अलावा कुछ नहीं किया। शिअद ऐसे नेताओं से बचाने के लिए जल्द ही 100 दिन में राज्य के हर गांव और कस्बे में पहुंच करेगी।
चंडीगढ़ में पार्टी मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत के दौरान शिअद प्रधान सुखबीर बादल ने कहा कि लोगों के सुझाव और रणनीति बनाने के लिए पंजाब का 100 दिवसीय दौरा किया जाएगा। सुखबीर ने कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह पिछले साढ़े चार सालों में पंजाब के किसी गांव या कस्बे में लोगों की समस्या सुनने नहीं गए हैं। जबकि उन्होंने चुनाव से पहले गुटका साहिब की कसम खाकर लोगों के बीच पहुंचने की बात कही थी। कैप्टन के अपने महल में बैठने के कारण सरकार के अधिकांश मंत्री भ्रष्टाचार में लिप्त हो गए हैं। सरकार के मंत्री पंचायत की करोड़ों की जमीनें और छात्रवृत्ति के पैसे का गबन कर रहे हैं। कांग्रेस सरकार ने भ्रष्टाचार और घोटालों के अलावा कुछ नहीं किया।
सुखबीर ने कहा कि पंजाब का इतिहास इस बात का गवाह है कि सूबे के लोगों की असली सेवा अकाली दल ने की है। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाबियों को धोखा दिया है। आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत सिंह मान ने अपनी मां की शपथ लेने के बाद शराब छोड़ने की घोषणा की थी लेकिन आज भी वह कथित तौर पर शराब से संतुष्ट हैं। पंजाबियों के लिए सबसे बड़े धोखेबाज दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हैं, जो एक सिख को मुख्यमंत्री बनाने का वादा तो करते हैं लेकिन दिल्ली में एक भी सिख को किसी भी पद की जिम्मेदारी नहीं दी है।