चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय में रोस्टर (पदोन्नति में आरक्षण) का प्रकरण शांत नहीं हो रहा। कर्मचारी एक तरफ जहां आवाज उठा रहे हैं। वहीं, पीयू प्रशासन नियमों की बात कहकर उन्हें शांत करने की कोशिश में जुटी है। अब रोस्टर सिंडिकेट में जाएगा और वहां से पास होगा तो सीनेट इसे अंतिम मंजूरी देगी। कर्मचारियों का कहना है कि अब तक सिंडिकेट में जितनी बार रोस्टर गया है कोई न कोई कमियां निकालकर वापस कर दिया जाता है। इस बार भी ऐसी ही योजना बन रही है।
देश के तमाम शिक्षण संस्थानों में रोस्टर लागू हो गया पर पीयू आज तक लागू नहीं कर पाई। पिछले चार साल से कर्मचारी अधिक परेशान हैं। उन्होंने हर दर पर दस्तक दी। एससी आयोग के अलावा यूजीसी, केंद्र सरकार तक पहुंचे। वहां से आदेश भी रोस्टर लागू करने के आए, लेकिन पीयू के अफसर नहीं जागे। हालांकि, बैठकें जरूर करवाई हैं, लेकिन रोस्टर पर समुचित काम नहीं हो पाया। इससे कर्मचारियों में आक्रोश है। उन्होंने कहा है कि अब इसके लिए आरपार की लड़ाई लड़ेंगे। जिम्मेदार अब तक नहीं जाग रहे हैं।