चंडीगढ़। आईपीएल 2022 हमारे लिए काफी बेहतर रहा और हमारी टीम फाइनल में भी पहुंची थी। फाइनल तक पहुंचने में टीम के कप्तान संजू सैमसन और कोच कुमार संगाकारा का अहम रोल रहा। यह कहना है राजस्थान रॉयल्स टीम के ऑलराउंडर रियान पराग का। वह शनिवार को मोहाली के पीसीए स्टेडियम में पुरुष वर्ग में खेले गए कैंपस क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाने पहुंचे थे।
उन्होंने बताया कि वह भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली को अपना आदर्श मानते हैं। उनकी बल्लेबाजी को देखकर ही वह इस मुकाम पर पहुंचे हैं। उनके कई शॉट देखकर उस पर काम किया और मैच के दौरान वह शॉट लगाने का प्रयास करता हूं। वह एक बेहतरीन बल्लेबाज हैं।
उन्होंने कहा कि कप्तान और कोच खिलाड़ियों को अधिक प्रेशर नहीं लेने देते थे। मैदान पर अभ्यास के दौरान खिलाड़ियों से बातचीत करते रहते थे और उनकी कमजोरियों को ठीक करने पर फोकस देते थे। वहीं, टीम में यूजवेन्द्र व रविचंद्र अश्विन का टीम में रहना काफी फायदेमंद रहा। उन्होंने कहा कि दोनों बेहतरीन गेंदबाज हैं। यूजवेन्द्र चहल के बारे में बताया कि वह अक्सर खिलाड़ियों की इंटरव्यू लेते रहते हैं। वह एक फनी क्रिकेटर हैं। जो खुद भी खुश रहते हैं और दूसरे को भी खुश रखते हैं।
डोमेस्टिक सीजन के लिए अभी से करनी होगी तैयारी
पराग ने बताया कि अभी आईपीएल सीजन खत्म हुआ है। इसके बाद डोमेस्टिक क्रिकेट आने वाला है। इसके लिए अभी से तैयारियां शुरू करनी होंगी। आईपीएल फटाफट वाला खेल है और डोमेस्टिक क्रिकेट अलग फॉरमेट है। सीजन पर अधिक मेहनत करनी होगी। इसके जरिए भारतीय टीम में अपनी दावेदारी पेश करूंगा।