राम रहीम के डेरा सच्चा सौदा के आईटी हेड को गिरफ्तार किया गया है, जिसकी निशानदेही पर एक हार्ड डिस्क कब्जे में ली गई। इसमें कई राज दफन हो सकते हैं। इनका खुलासा जांच पड़ताल के बाद ही होगा।
दरअसल, साध्वी यौन शोषण मामले में 25 अगस्त को डेरा प्रमुख गुरमीत सिंह को दोषी करार दिए जाने के बाद डेरा समर्थकों द्वारा जमकर हिंसा की गई। हिंसा के दौना गांव बेगू स्थित बिजलीघर व मिल्क प्लांट में आगजनी की घटना को अंजाम देने में शामिल रहे एक आरोपी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार किया है।
आरोपी की पहचान मूल रूप से फरीदाबाद के सेक्टर-49 व हाल निवासी डेरा सच्चा सौदा कॉंप्लेक्स विनीत कुमार के रूप में हुई है। पूछताछ में पता चला कि वह डेरा की आईटी विंग का हैड है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर खेत में बने शौचालय से एक हार्ड डिस्क बरामद की है, जिसमें डेरा के सीसीटीवी कैमरो की फुटेज हो सकती है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।