किसानों के तीसरे दिन रेल रोको आंदोलन के चलते बुधवार को 128 ट्रेनें प्रभावित हुईं हैं। किसानों ने अमृतसर-ब्यास सेक्शन, फिरोजपुर-बठिंडा-जालंधर-लुधियाना, जालंधर-पठानकोट व टांडा उड़मुड़-खुड्डा कुराला के अलावा अब फाजिल्का और मोगा में भी रेल ट्रैक पर धरना शुरू कर दिया है। इसके चलते रेल डिवीजन फिरोजपुर की 59 ट्रेनें (मेल-एक्सप्रेस व पैसेंजर) रद्द हुई हैं। 35 मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों को शार्ट टर्मिनेट किया है। 35 ट्रेनों को अन्य स्टेशनों पर रोक कर वहीं से उनके निर्धारित स्टेशनों को रवाना किया जा रहा है। ये ट्रेन पंजाब में प्रवेश नहीं कर रही हैं।
किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के महासचिव सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि अमृतसर में उनकी यूनियन की बैठक आईजी बार्डर जोन, डिप्टी कमिश्नर अमृतसर व एसएसपी संग बैठक हुई थी, इसमें उनकी मांगों का कोई हल नहीं निकला है। इसीलिए बुधवार को फाजिल्का व मोगा रेल सेक्शन पर किसानों ने धरना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार उनकी मांगें स्वीकार नहीं करती तो धीरे-धीरे डिवीजन में अन्य जगहों पर भी रेल ट्रैक पर धरना दिए जाने की योजना तैयार की है।
रेल ट्रैक पर ही बड़े साहिबजादों का शहीदी दिहाड़ा मनाया
बुधवार को देवीदासपुरा में रेल ट्रैक पर ही गुरु साहिब जी के बड़े साहिबजादों का शहीदी दिहाड़ा पर कथा व कीर्तन कर श्रद्धापूवर्क मनाया है। धरने में महिलाएं भी शामिल है। पंधेर ने कहा कि विभिन्न गांवों के ग्रामीण रेल ट्रैकों पर धरना देने के लिए तैयार हैं। पंजाब सरकार ने उनकी मांगें स्वीकार नहीं की तो आने वाले दिनों में विभिन्न गांवों के ग्रामीण डिवीजन के अन्य रेल ट्रैकों पर टेंट लगाकर पक्के तौर पर धरने पर बैठने की तैयारी कर चुके हैं।