चंडीगढ़। पीयू सीनेट चुनाव जीतने के लिए उम्मीदवार कोई कोर कसर नहीं छोड़ना चाहते। प्रत्याशी हर किसी की मदद ले रहे हैं। इसी बीच पुटा के एक पूर्व पदाधिकारी एवं सदस्य ने एक सीनेट उम्मीदवार के लिए वोट देने के लिए शिक्षकों से अपील कर डाली। यह संदेश कुछ शिक्षकों के पास पहुंचा तो उन्होंने इसका विरोध किया। साथ ही शिक्षकों ने सदस्य पर कई आरोप लगा दिए।
पुटा के पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर मोहम्मद खालिद ने शिक्षकों से कहा है कि पुटा टीचरों का एक मंच है, जिसका राजनीति के लिए इस्तेमाल नहीं होना चाहिए। इस मंच का पुटा के एक पूर्व पदाधिकारी ने शिक्षकों को खुला संदेश भेजकर पुटा के नियमों की धज्जियां उड़ाई हैं। पुटा मंच का दुरुपयोग किया गया है। प्रतिष्ठित निकाय के लिए यह अशोभनीय है। उन्होंने शिक्षकों से कहा है कि इस मामले को वह गंभीरता से लें और खुद निर्णय लें। साथ ही संदेश लिखने वालों से माफी मांगने को भी कहा।
इस संबंध में पुटा के सचिव प्रो. अमरजीत सिंह नौरा का कहना है कि हमारे किसी साथी की ओर से संदेश गलती से सोशल मीडिया में चला गया था। गलती किसी से भी हो सकती है। पुटा को यदि किसी प्रत्याशी का सपोर्ट करने होता तो पहले किया जाता, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं है। पुटा शिक्षकों का संगठन है।