पूर्व डीजीपी सुमेध सैनी के घर सर्च करती पंजाब विजिलेंस की टीम।
- फोटो : अमर उजाला
आय से अधिक संपत्ति मामले में पंजाब के पूर्व डीजीपी सुमेध सिंह सैनी की गिरफ्तारी के लिए पंजाब विजिलेंस टीम ने सोमवार देर शाम चंडीगढ़ के सेक्टर-20/डी स्थित उनके आवास पर दबिश दी लेकिन उनके सुरक्षाकर्मियों ने विजिलेंस टीम को दो घंटे तक घर के अंदर घुसने नहीं दिया। इसके बाद मौके पर चंडीगढ़ पुलिस को बुलाना पड़ा।
सेक्टर-19 थाना प्रभारी मलकीत सिंह के दखल के बाद सुरक्षाकर्मियों ने टीम के चार अधिकारियों को सर्च के लिए घर के अंदर प्रवेश करने दिया। खबर लिखे जाने तक टीम सैनी के घर पर थी लेकिन सैनी नहीं मिले। पंजाब विजिलेंस ने सैनी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है।
सोमवार देर शाम करीब सवा सात बजे पंजाब विजिलेंस की टीम सुमेध सैनी के सेक्टर-20/डी स्थित आवास पर पहुंची लेकिन सैनी के सुरक्षाकर्मियों ने कहा कि वह घर पर नहीं हैं। टीम ने घर में प्रवेश करने को कहा, जिस पर सुरक्षाकर्मियों ने रोक दिया। टीम ने किसी को भी सैनी की गिरफ्तारी संबंधी दबिश की जानकारी नहीं दी।
कुछ ही देर में सैनी के अधिवक्ता रमनप्रीत सिंह भी पहुंच गए और टीम से कहा कि वह इस तरह से किसी के निजी आवास में नहीं घुस सकते। अगर कोई कार्रवाई करनी है तो पहले स्थानीय पुलिस (यूटी पुलिस) को सूचित करें। इस पर विजिलेंस अधिकारियों ने कहा कि वह उनके काम में दखल दे रहे हैं। रात करीब 9 बजे तक सैनी के घर के बाहर हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा लेकिन किसी भी विजिलेंस अधिकारी को घर में घुसने की अनुमति नहीं दी गई। मामले को बढ़ता देख इसकी सूचना चंडीगढ़ पुलिस को दी गई।