पुलिस की गिरफ्त में लॉरेंस बिश्नोई।
- फोटो : एएनआई (फाइल)
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता लॉरेंस बिश्नोई से अब समुद्री मार्ग से भारत में होने वाली नशा तस्करी के बारे में पूछताछ होगी। गुजरात पुलिस आरोपी से नशा तस्करी से जुड़े एक साल पुराने केस में पूछताछ करेगी। बठिंडा जेल से आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर गुजरात पुलिस ले गई है। यह केस उस पर एक साल पहले गुजरात एटीएस ने दर्ज किया था।
वहीं, आरोपी के पंजाब से जाने के बाद पुलिस ने भी राहत की सांस ली है क्योंकि आरोपी के लिए जेल में कड़ा सुरक्षा पहरा रखना पड़ता है। जबसे उसका जेल के अंदर से टीवी इंटरव्यू हुआ, तबसे पुलिस किसी तरह की कोई ढील नहीं रखती है। गुजरात पुलिस लॉरेंस को सड़क मार्ग से बठिंडा से मोहाली लेकर आई थी। इसके बाद उसे जहाज से गुजरात लेकर चली गई। यहां उसके लिए सुरक्षा का कड़ा पहरा था। आरोपी तक कोई पहुंच न पाए इसके चलते मोहाली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे। करीब 50 मुलाजिम उसके आसपास तैनात किए गए थे।
याद रहे इससे पहले राष्ट्रीय जांच एजेंसी की जांच में साफ हो चुका है कि जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के सरहद पार बैठे गैंगस्टरों व नशा तस्करों से गहरे संबंध हैं। वह नशा व हथियारों की तस्करी में शामिल है। पैसे का लेन-देन हवाला के जरिये होता है।