2014 का है वीडियो... छेड़छाड़ कर अब किया गया वायरल
बंटी रोमाणा ने एक मिनट 27 सेकेंड का यह विवादित वीडियो 25 अक्तूबर की शाम 4:29 बजे एक्स पर पोस्ट किया। इसे 24 घंटे में 20 हजार से अधिक व्यूज मिले हैं। वीडियो में मशहूर पंजाबी गायक कंवर ग्रेवाल की आवाज थी और गाने के बोल थे ''तेरी केजरीवाल नाल यारी ओए... ताइयो (तभी) मत (बुद्धि) गई है मारी ओए...''।
पता चला है कि 2014 में यूके में हुए एक कार्यक्रम का यह वीडियो है और इसे किसी ने एडिट करके अपने चैनल में डाला। इसके बाद यह वायरल हो गया। वहीं, जब बंटी रोमाणा ने इसे साझा किया तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। सुखबीर बादल ने कहा कि रोमाणा को गिरफ्तार करने के बजाय वीडियो एडिट करने वाले को पकड़ें।
वीडियो देख ग्रेवाल ने जताया गुस्सा
वीडियो वायरल होने और पंजाब सरकार के आपत्ति जताने के बाद पंजाबी गायक कंवर ग्रेवाल ने एक वीडियो के माध्यम से सफाई दी। उन्होंने स्पष्ट किया है कि उनके एक कार्यक्रम के वीडियो में गाने की आवाज और बोल बदल दिए गए हैं। इस गाने में जो आवाज है... वो उनकी नहीं है।
एसओआई ऑल इंडिया के कोआर्डिनेटर रह चुके रोमाणा
बंटी रोमाणा (48) एसओआई ऑल इंडिया के कोआर्डिनेटर रह चुके हैं। वह अकाली दल के वरिष्ठ नेता हैं। 2022 में पंजाब विधानसभा चुनाव में उन्होंने फरीदकोट सीट से अकाली दल के टिकट पर चुनाव भी लड़ा था लेकिन आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार गुरदित्त सिंह सेखों से हार गए थे।