पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
पंजाब की जीएसटी, वैट और एक्साइज कलेक्शन में बढ़ोतरी हुई है। वित्त, योजना, आबकारी एवं कराधान मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने यह जानकारी दी। चीमा ने बताया कि वित्त वर्ष 2023-24 के पहले आठ महीनों के दौरान राज्य ने वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) और आबकारी से प्राप्त राजस्व में क्रमशः 16.61 प्रतिशत और 11.45 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की है।
एक बयान में वित्त मंत्री ने बताया कि वित्त वर्ष 2022-23 में नवंबर तक राज्य को जीएसटी से कलेक्शन 11967.76 करोड़ रुपये थी, जबकि चालू वित्त वर्ष के दौरान राज्य की नेट जीएसटी प्राप्ति 13955. 38 करोड़ रुपये है। इस तरह नेट जीएसटी प्राप्ति में कुल 1987.62 करोड़ रुपये का विस्तार दर्ज किया गया है।
चालू वित्तीय वर्ष में नवंबर तक आबकारी से कुल राजस्व 5947. 47 करोड़ रुपये है, जबकि वित्त वर्ष 2022-23 के पहले आठ महीनों में कुल जीएसटी राजस्व 5336.61 करोड़ रुपये था। इस तरह आबकारी से प्राप्त राजस्व में कुल 610.86 करोड़ रुपये का विस्तार दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि नवंबर तक वैट, सीएसटी, जीएसटी, पीएसडीटी और आबकारी से प्राप्त राजस्व में नेट 13.89 प्रतिशत के विस्तार प्राप्त हुआ है।
राजस्व मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कर चोरी करने वालों पर शिकंजा कस कर और कर प्रणाली को सरल बना कर ईमानदार करदाताओं को सुविधा देते हुए अपने कर राजस्व में विस्तार दर्ज किया है। जीएसटी लागू होने के बाद पहली बार राज्य की आठ महीनों की कर प्राप्तियों ने 25 हजार करोड़ के आंकड़े को छुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य को इस वित्त वर्ष के दौरान नवंबर महीने के अंत तक वैट, सीएसटी, जीएसटी, पीएसडीटी और आबकारी से 24965.59 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ है।