पटियाला से सांसद और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पत्नी परनीत कौर द्वारा पार्टी हाईकमान को शोकॉज के नोटिस का जवाब भेजने के तुरंत बाद नया विवाद खड़ा हो गया। पंजाब प्रदेश कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने ट्वीट कर परनीत को ‘अहंकारी’ कहा गया तो जवाब में कैप्टन ने भी ट्वीट कर वड़िंग को निशाने पर ले लिया।
राजा वड़िंग ने सोमवार दोपहर परनीत कौर को संबोधित करते हुए ट्वीट किया- ‘परनीत कौर जी, कारण बताओ नोटिस का आपका जवाब, उस पार्टी के प्रति कृतघ्नता और अहंकार को दर्शाता है जिसने आपको और आपके परिवार को राजनीतिक रूप से प्रासंगिक बना दिया... यहां तक कि उनके (कैप्टन) विश्वासघाती और धोखेबाजी लक्षणों को भी अनदेखा कर दिया।’
राजा वड़िंग यहीं नहीं रुके, उन्होंने एक ओर ट्वीट किया- ‘नैतिक रूप से आपके इस्तीफा दे देना चाहिए क्योंकि जनता ने आपको कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में वोट दिया था। हमेशा की तरह आपने कुछ साल चुने और नैतिक कारणों का हवाला दिया। इसके बाद पंजाब और कांग्रेस पार्टी दोनों को नुकसान पहुंचाने की साजिश रचकर पीठ में छुरा घोंपा।’ तीसरे ट्वीट में राजा वड़िंग ने लिखा- ‘लेकिन कर्म का नियम चल रहा है, आप जो बोएंगे वही काटेंगे।’
परनीत के प्रति राजा वड़िंग ने इन तल्ख तेवरों पर कैप्टन ने भी ट्वीट करके जवाब दिया- ‘राजा वड़िंग सबसे पहले स्पेलिंग सीखो, यह परनीत है न कि पेरनीत। दूसरे आपको इस तरह मूर्खतापूर्ण बयान देने से पहले दो बार सोचना चाहिए, कैप्टन अमरिंदर का परिवार 250 से अधिक वर्षों से प्रासंगिक है।’
गौरतलब है कि परनीत कौर को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में कांग्रेस हाईकमान द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, जिसका जवाब उन्होंने सोमवार को भेजते हुए हाईकमान को चुनौती दे दी कि उन पर जो एक्शन लेना हो, अनुशासन समिति अपनी मर्जी के अनुसार एक्शन लेने के लिए आजाद है। परनीत ने अपने जवाब में पंजाब के कांग्रेस नेताओं पर निशाना साधा कि जिन्होंने भी उन पर आरोप लगाए हैं, उनके बारे में कैप्टन अमरिंदर सिंह से पूछ सकते हैं कि वे सब क्या करते रहे और कैप्टन उन्हें बचाते रहे। परनीत के इस कड़े जवाब के बाद राजा वड़िंग के जवाबी हमले ने साफ कर दिया कि पंजाब कांग्रेस के नेताओं को आने वाले दिनों में उनकी गतिविधियों के बारे में सार्वजनिक तौर पर सवालों का सामना करना पड़ सकता है।