पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव में कथित धांधली पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणियों का स्वागत किया और कहा कि सच्चाई की जीत होगी। मंगलवार को मान की यह प्रतिक्रिया सुप्रीम कोर्ट द्वारा चंडीगढ़ मेयर चुनाव के दौरान चुनावी कार्यवाही का एक वीडियो देखने के बाद नाराजगी व्यक्त करने के एक दिन बाद आई है।
भांखरपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान सीएम मान ने कहा कि देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए हमें सुप्रीम कोर्ट का रुख करना पड़ा। उन्होंने कहा कि वह सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणियों का स्वागत करते हैं। हमें उम्मीद है कि सच्चाई की जीत होगी। चंडीगढ़ मेयर चुनाव के दौरान पीठासीन अधिकारी द्वारा मतपत्रों के साथ कथित छेड़छाड़ का जिक्र करते हुए मान ने कहा कि अगर चुनाव कार्यवाही का वीडियो किसी आम आदमी को दिखाया जाएगा तो वह पूछेगा कि वोटों की गिनती कैसे होती है?
गौरतलब है कि चंडीगढ़ मेयर चुनाव के दौरान मतपत्रों को कथित रूप से विकृत करने से स्तब्ध सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को कहा था कि यह लोकतंत्र का मजाक है। इसके साथ ही सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया था कि मतपत्रों और चुनाव कार्यवाही के वीडियो को संरक्षित रखा जाए। पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) ने सोमवार को शीर्ष अदालत की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा था कि यह भाजपा के चेहरे पर एक करारा तमाचा है।