केंद्र ने पंजाब के आरडीएफ का पैसा रोका: मान
सीएम भगवंत मान ने ग्रामीण विकास फंड (आरडीएफ) का 3622 करोड़ रुपये रोकने की आलोचना की। उन्होंने कहा कि राज्य की पिछली सरकारों ने इस फंड का दुरुपयोग किया था। इसका नुकसान अब ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। अगर केंद्र सरकार आरडीएफ का यह फंड जारी कर देती है तो राज्य के ग्रामीण क्षेत्र की 67000 किलोमीटर लिंक सड़कें और अन्य बुनियादी ढांचे का कायाकल्प कर दिया जाएगा।
पराली के निपटारे के लिए 2500 रुपये दे केंद्र
धान की पराली जलाने की समस्या के बारे में मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने केंद्र सरकार को सुझाव दिया था कि किसानों को पराली के निपटारे के लिए 2500 रुपये प्रति एकड़ की आर्थिक सहायता दी जाए। इसमें 1500 रुपये केंद्र और 1000 रुपये राज्य सरकार अदा करेगी। मगर केंद्र सरकार ने इस सुझाव के साथ सहमति प्रकट करने की बजाय इसको रद्द कर दिया।
भ्रष्टाचार सभी बीमारियों की जड़
सीएम मान ने भ्रष्टाचार को सभी बीमारियों का जड़ बताया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार मुक्त, पारदर्शी और साफ-सुथरा प्रशासन देने के लिए कई कदम उठाए हैं। राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए बड़े फैसले लिए गए हैं। जमीन-जायदाद की रजिस्ट्री भी सरल पंजाबी में होने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है ताकि साधारण व्यक्ति दस्तावेजों को पढ़ सके।
किसान मेले में नौजवानों की बड़ी संख्या में आमद पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के लिए यह शुभ संकेत है कि नौजवान अब खेती के नए तरीके अपनाने में रुचि दिखाने लगे हैं। उन्होंने बताया कि किसान मेले में पहले दिन 1.09 लाख किसान पहुंचे, जो अपने आप में रिकॉर्ड है। सीएम मान ने कहा कि परंपरागत खेती की बजाय वैज्ञानिक ढंग से खेती करने का युग आ चुका है।
कलम छोड़ हड़ताल पर जाने वालों की छीनी जाएगी कलम
सीएम ने कलम छोड़ हड़ताल पर जाने वाले पटवारियों को चेतावनी दी कि वे कलम छोड़ हड़ताल बंद करें। अन्यथा उनकी कलम छीन ली जाएगी। उन्हें नौकरी से हटा दिया जाएगा। इस बीच मुख्यमंत्री ने कृषि क्षेत्र में नए उद्यमों के साथ अनूठी उपलब्धियां हासिल करने के लिए पांच प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया।