मैं पहली बार राज्यपाल नहीं बना हूं
राज्यपाल की ओर से ‘माई गवर्नमेंट’ शब्द की जगह ‘गवर्नमेंट’ शब्द का इस्तेमाल किए जाने पर जब सदन के नेता भगवंत मान ने एतराज जताया तो राज्यपाल को भी सदन में जारी हंगामेदार बहस में शामिल होना पड़ा। उन्होंने हंगामे के बीच कहा, ‘एक मिनट मेरी बात सुनिए। मैं पहली बार गवर्नर नहीं बना हूं। मैं तमिलनाडु, असम और मेघालय का गवर्नर रह चुका हूं। कुछ राज्यों में ‘गवर्नमेंट’ शब्द का ही उपयोग होता है जबकि कुछ राज्यों में ‘माई गवर्नमेंट’ शब्द अभिभाषण में शामिल रहता है। यह महत्वपूर्ण नहीं है। राज्यपाल द्वारा यह समझाए जाने के बाद भी सदन में दोनों पक्ष अपनी-अपनी दलील पर अड़े रहे।'
विधायकों को नसीहत- असंसदीय भाषा का उपयोग न हो
राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने अपने अभिभाषण को पूरा करने से पहले सदन के सभी सदस्यों को नसीहत भी दी। उन्होंने सदस्यों को असंसदीय शब्दों के उपयोग से बचने के साथ-साथ परस्पर सम्मान बनाकर सदन चलाने को कहा। राज्यपाल ने अपना अभिभाषण अंग्रेजी भाषा में पढ़ा। अभिभाषण पूरा करने से पहले उन्होंने कहा कि सरकार के सभी विधायक राज्य के लोगों के लिए आदर्श हैं। इस कारण समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी भी ज्यादा है। उन्होंने विधायकों से कहा कि वह अपने रोजमर्रा के कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ करें। उन्होंने यह भी कहा कि उनका परामर्श है कि यदि किसी नेता में कोई बुरी आदत है तब भी पारदर्शिता के साथ दोस्तों से साझा करें, ताकि उसमें सुधार लाया जा सके।
राज्यपाल ने कहा कि उन्होंने सीनियर होने और अधिकार के नाते यह परामर्श दिया है और उन्हें उम्मीद है कि सभी नेता उनके परामर्श का अनुसरण करेंगे। उन्होंने कहा, कोई अंदरूनी कलह नहीं होनी चाहिए। केवल गंभीर बहस होनी चाहिए। जहां तक संभव हो आपसी लड़ाई और चिल्लाने से बचना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने किया ट्वीट
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ट्वीट कर कहा कि 16वीं विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन पवित्र सदन में उपस्थिति दर्ज कराई। गवर्नर साहब के शुरुआती भाषण के दौरान गिनाई गई प्राप्तियां हमारी सरकार की पंजाब और पंजाबियों के प्रति वचनबद्धता को दर्शाती हैं। पूरी कोशिश करेंगे कि यह सत्र पंजाब के मुद्दों और तीन करोड़ पंजाबियों की आवाज को समर्पित हो।