विधानसभा चुनावों में महिलाओं को अपने वोट के प्रति उत्साहित करने के लिए जिले में ऐसे 9 पोलिंग स्टेशन बनाए जा रहे हैं, जिनका प्रबंध सिर्फ महिला टीमों की तरफ से किया जाएगा। इतना ही नहीं, इन पोलिंग स्टेशनों पर पोलिंग स्टाफ, पुलिस व सुरक्षा कर्मचारियों समेत पूरा स्टाफ महिलाओं का ही होगा। जालंधर में एक मीटिंग को संबोधित करते हुए डीसी घनश्याम थोरी ने इसकी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि इस कदम से जहां महिला पोलिंग स्टाफ का आत्मविश्वास बढ़ेगा, वहीं महिला वोटरों को भी वोटिंग प्रक्रिया में भाग लेने संबंधी जोश मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन की तरफ से जालंधर केंद्रीय हलके में एक दिव्यांग पोलिंग स्टेशन भी स्थापित किया जाएगा। 9 विधानसभा हलकों में 59 मॉडल पोलिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे, जबकि समूह चुनाव प्रक्रिया में महिलाओं की भागीदारी को उत्साहित करने के लिए सभी हलकों में एक-एक पोलिंग स्टेशन ऐसा होगा, जहां महिला मुलाजिमों को तैनात किया जाएगा।
डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि विधानसभा हलका करतारपुर, जालंधर पश्चिमी, जालंधर केंद्रीय, जालंधर उत्तरी और विधानसभा हलका जालंधर छावनी में 7-7 व हलका फिल्लौर, नकोदर, शाहकोट व आदमपुर में 6-6 मॉडल पोलिंग स्टेशन बनाए जाएंगे।