किसान आंदोलन के समर्थन में पीयू में नारेबाजी करते विद्यार्थी।
चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के छात्र संगठनों ने भारत बंद के तहत सोमवार को पीयू के गेट नंबर- 2 को बंद कर प्रदर्शन किया। गेट बंद करने के दौरान पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान उनकी नोकझोंक भी हुई, लेकिन कुछ देर में मामला शांत हो गया।
एसएफएस, एएसए, पीएसयू ललकार, एनएसयूआई आदि छात्र संगठनों के कार्यकर्ता पीयू के गेट नंबर दो पर एकत्रित हुए। यहां केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। एसएफएस पदाधिकारी संदीप कुमार ने कहा कि तीनों कृषि कानूनों को वापस लिया जाए। यह काले कानून हैं। उसके बाद कार्यकर्ताओं ने पीयू की मार्केट में जाकर दुकानें बंद करवाईं। दुकानदारों ने भी छात्रों की बात मानी। छात्रों ने शाम चार बजे तक प्रदर्शन किया।