चंडीगढ़। आजादी का अमृत महोत्सव के अवसर पर यूटी प्रशासन का पर्यटन विभाग विश्व पर्यटन दिवस-2021 मना रहा है। सोमवार को कई कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसकी शुरुआत सुबह सुखना लेक पर रन फॉर टूरिज्म के साथ हुई। इसके बाद विभाग ने सैकड़ों लोगों को यूनेस्को हेरिटेज साइट कैपिटल कांप्लेक्स का दौरा कराया और फिर आखिर में शाम को अली ब्रदर्स ने कलाग्राम में अपनी सूफी आवाज का जादू बिखेरा।
सुखना लेक से कैपिटल कांप्लेक्स के सूचना केंद्र तक आयोजित दौड़ को गृह सचिव नितिन यादव ने हरी झंडी दिखाई। इसमें शहर के विभिन्न स्कूलों, संस्थानों के कर्मचारियों, धावकों व अन्य लोगों ने हिस्सा लिया। विश्व पर्यटन दिवस पर रेलवे स्टेशन, सुखना झील, रॉक गार्डन, सेक्टर-17 प्लाजा व अन्य पर्यटक स्थलों पर विभिन्न देशों व राज्यों से शहर पहुंचे लोगों का गुलाब का फूल देकर स्वागत किया गया। दिवस मनाने केलिए चंडीगढ़ के संग्रहालयों, सूचना केंद्र कैपिटल कांप्लेक्स और ओपन हैंड स्मारकों को रोशन भी किया गया है।
सोमवार को चंडीगढ़ इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट ने स्वादिष्ट भोजन और व्यंजनों के साथ इंटरनेशनल फूड फेस्टिवल का भी आयोजन किया। शाम को करीब सात बजे कलाग्राम के ओपन थिएटर में अली ब्रदर्स ने सूफी संगीतमय लाइव प्रदर्शन दिया। उन्होंने जुगनी, दिलां दे सौदे, तुम्हें दिल्लगी, इश्क दे चरखे समेत कई प्रसिद्ध गाने गाए। संगीत संध्या का दर्शकों ने खूब लुत्फ उठाया। कार्यक्रमों का आयोजन पर्यटन विभाग की विशेष सचिव नितिका पवार की देखरेख में किया जा रहा है।
---आज होने वाले कार्यक्रम---
नेचर वॉक ऑन सुखना लेक सर्किट सुबह 6 बजे
यूनेस्को हेरिटेज साइट कैपिटल कांप्लेक्स का दौरा सुबह 10 बजे से 4 बजे तक
टूरिस्ट इंफॉर्मेशन सेंटर, सेक्टर-1
पंजाबी म्यूजिकल नाइट्स प्रभ गिल शाम 6.30 बजे
कलाग्राम