चंडीगढ़। कॉलेजों को बीबीए, बीकॉम और बीसीए कोर्सेज की दूसरी काउंसलिंग के बाद केंद्रीकृत दाखिले की बजाय अपने स्तर पर करवाने के लिए अनुमति मिली है। इसके तहत कॉलेजों ने इन तीनों कोर्सेज में खाली सीटों पर दाखिले के लिए गूगल फॉर्म के जरिए आवेदन मांगे हैं। इसमें सरकारी कॉलेजों ने बुधवार शाम तक ही आवेदन लिए थे। इसके बाद अब वीरवार शाम को यूटी पूल और आउटसाइड यूटी पूल के लिए मिले आवेदनों की प्रोविजनल मेरिट सूची कॉलेजों की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।
प्रोविजनल सूची के आधार पर 21 जुलाई को सुबह साढ़े 9 बजे से ऑनलाइन दाखिला प्रकिया शुरू होगी। इसमें यूटी पूल, जनरल पूल (आउटसाइड यूटी) इत्यादि को शामिल किया जाएगा। अभ्यर्थियों को तीनों कोर्स में बची हुई खाली सीटों पर कॉलेज स्तर पर दाखिला दिया जाएगा। ये दाखिला भी दोनों काउंसलिंग की तरह मेरिट के आधार पर होगा। अभ्यर्थियों को तय समय में फीस जमा करवानी होगी, अन्यथा दाखिला रद्द हो जाएगा। ई-मेल और मोबाइल नंबर पर दाखिले के लिए सूचित किया जाएगा।
डीएवी में बीबीए में सबसे अधिक 40 सीटें खाली
कॉलेजों ने दाखिले के लिए वेबसाइट पर गूगल फॉर्म अपलोड कर दिए हैं। इसके जरिए दाखिले के लिए इच्छा व्यक्त करनी होगी। सेक्टर-10 स्थित डीएवी कॉलेज में बीबीए में सबसे अधिक 40 सीटें खाली हैं। वहीं बीकॉम में 39 और बीसीए में 37 सीटें खाली हैं। डीएवी कॉलेज की ओर से वीरवार को दोपहर 12 बजे आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की प्रोविजनल मेरिट सूची अपलोड की जाएगी। इसके बाद उन्हें ऑफलाइन दाखिला प्रक्रिया और दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा। वीरवार शाम 4 बजे तक गूगल फॉर्म के जरिए इच्छा व्यक्त करनी होगी। 21 जुलाई को दोपहर ढ़ाई बजे सूची जारी की जाएगी। 22 जुलाई को सुबह 9 बजे दाखिला शुरू किया जाएगा। एमसीएम में बीकॉम में जनरल पूल में 6 और यूटी पूल में 20 सीटें खाली बची हैं। खालसा कॉलेज-26 ने भी वेबसाइट पर दाखिले के लिए गूगल फॉर्म और हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।