किसानों के समर्थन में नारेबाजी करते लोग।
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। सेक्टर-9 स्थित मटका चौक पर सोमवार शाम कृषि कानून के विरोध में किसान समर्थकों ने जोरदार प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में प्रदर्शनकारी मटका चौक के चारों ओर जमा हो गए और किसानों के समर्थन में नारेबाजी शुरू कर दी। इससे चौक पर वाहनों की रफ्तार थम गई और करीब एक किलोमीटर तक लंबा जाम लग गया। करीब आधे घंटे तक वाहन चालक जाम में जूझते रहे। मामले की सूचना पुलिस को मिली तो आला अधिकारी मौके पर पहुुंचे और स्थिति को संभालने की कोशिश की। करीब आधे घंटे तक लगे जाम को पुलिसकर्मियों की मदद से खुलवाया गया। प्रदर्शन में पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह भी शामिल हुए।
सोमवार शाम करीब 6 बजे किसानों के समर्थन में बड़ी संख्या में बच्चे, बुजुर्ग, युवा और महिलाएं मटका चौक पर जमा हो गईं। इस दौरान सभी कृषि कानून के विरोध में नारे लगाए गए। इसके बाद सेक्टर-3 थाना प्रभारी शेर सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान सड़कों पर जमा हो रहे प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने चौक से उन्हें एक किनारे किया लेकिन प्रदर्शनकारी कम होने की बजाय बढ़ते ही जा रहे थे। इसके बाद स्थिति को संभालने के लिए यातायात एसपी केतन बंसल, सेंट्रल डीएसपी कृष्ण कुमार, डीएसपी पलक गोयल समेत अन्य आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान मटका चौक से सेक्टर-8 लाइट प्वाइंट, मटका चौक से जीएमएसएच-16 चौक समेत चारों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। इस दौरान प्रदर्शनकारियों के कई वाहनों ने यातायात नियमाें की धज्जियां उड़ाईं।
पिछले एक महीने से मटका चौक पर शांति प्रदर्शन
बता दें कि पिछले करीब एक महीने से भारतीय किसान यूनियन उगराहां के समर्थक मटका चौक पर कृषि कानून को खत्म करने की मांग को लेकर शांतिपूर्वक विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। इन समर्थकों में कॉलेज के छात्र, छात्राओं समेत अन्य लोग शामिल हैं, लेकिन सोमवार को मटका चौक पर जमकर प्रदर्शन किया। हालांकि करीब डेढ़ घंटे के बाद प्रदर्शनकारियों का गुस्सा शांत हुआ और उन्होंने प्रदर्शन खत्म कर दिया।
प्रदर्शन में छोटे ट्रैक्टर के साथ शामिल महिला।- फोटो : CHANDIGARH