चंडीगढ़ सेक्टर-8 के दो स्पा सेंटरों में महिलाओं से देहव्यापार कराया जा रहा था। यूटी पुलिस ने दोनों स्पा सेंटरों में दबिश देकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही18 महिलाओं को छुड़ाया। इनमें से 11 थाईलैंड की हैं। सभी टूरिस्ट व वर्क वीजा पर भारत आई हुईं हैं। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार चारों आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में बुड़ैल जेल भेज दिया गया।
यह भी पढ़ें: Chandigarh News: देश में पहली बार पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने किया ChatGPT का इस्तेमाल, आरोपी की जमानत की खारिज
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सेक्टर-8 के कुछ स्पा सेंटरों में देहव्यापार कराया जा रहा है। पुलिस ने सूचना की जांच कराई और उसके बाद रविवार रात को दो स्पा सेंटरों में छापा मारा। पकड़े गए चारों आरोपियों की पहचान सेक्टर-45 निवासी गुरमीत सिंह, पिंजौर निवासी अतीक रहमान, पंचकूला सेक्टर-12 निवासी विनोद उर्फ विक्की और चंडीगढ़ निवासी विकास के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों में दोनों स्पा सेंटरों के मालिक भी शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ सेक्टर-3 थाना पुलिस ने अनैतिक तस्करी अधिनियम 1956 की रोकथाम के विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
देहव्यापार के धंधे में और कौन-कौन शामिल, जांच कर रही पुलिस
छापे के दौरान दोनों स्पा सेंटरों से छुड़ाइ गईं महिलाएं थाईलैंड के अलावा देश के अलग-अलग राज्यों की रहने वाली हैं। इन सभी को पुलिस ने यूटी प्रशासन के समाज कल्याण विभाग को सौंप दिया है। सूत्रों के अनुसार, थाईलैंड की सभी महिलाओं के पास वैध पासपोर्ट है और वह भारत टूरिस्ट व वीजा परमिट पर आई हुई हैं। पुलिस मामले में और जानकारी जुटाने में लगी है कि इस देहव्यापार के धंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। बता दें कि सेक्टर- 8 में कई स्पा सेंटर चलते हैं, जिनके खिलाफ पहले भी कई शिकायतें आ चुकी हैं।