पुलिस लाइन में रविवार को जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में डीसी ललित सिवाच ने ध्वजारोहण करते हुए राष्ट्रीय पर्व की बधाई दी। उन्होंने देश के वीर शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए देशभक्ति का संदेश दिया।
डीसी ललित सिवाच ने परेड का निरीक्षण करने के बाद सलामी ली।
परेड कमांडर डीएसपी डॉ. रविंद्र कुमार के नेतृत्व में देशभक्ति के जज्बे के साथ पुलिस कर्मियों के साथ विद्यार्थियों ने कदमताल की। परेड में सबसे आगे पीएसआई अंजलि के नेतृत्व में हरियाणा पुलिस की महिला टुकड़ी चली, जिनके पीछे पीएसआई मनीष के नेतृत्व में हरियाणा पुलिस के जवानों की टुकड़ी ने मार्च पास्ट किया। सब-इंस्पेक्टर बलराज सिंह के नेतृत्व में गृहरक्षी विभाग की टुकड़ी चल रही थी। इनके पीछे सीनियर अंडर ऑफिसर हर्ष बिधलान के नेतृत्व में लडक़ों की एनसीसी सीनियर डिवीजन, सीनियर अंडर ऑफिसर हिना के नेतृत्व में लड़कियों की एनसीसी सीनियर विंग व प्रियंका के नेतृत्व में लड़कियों की एनसीसी की जूनियर विंग ने मार्च पास्ट किया।
आदर्श पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के यश कुमार हिंदुस्तान स्काऊट की कमान संभाल रहे थे, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मुरथल अड्डा की मनीषा ने भारत गाइड व मनीषा ने जूनियर रेडक्रॉस टुकड़ी की कमान संभाली। श्रीराम डे-बोर्डिंग स्कूल के बैंड की मधुर ध्वनियों के साथ मार्च पास्ट में सभी ने कदम से कदम मिलाए। डीसी ने शहीदों की वीरांगनाओं व उनके परिजनों को सम्मानित किया।
तीन कृषि कानूनों के विरोध में किसानों का आंदोलन लगातार जारी है। कुंडली बॉर्डर पर किसानों ने भी रविवार को स्वतंत्रता दिवस मनाया। देश के पूर्व फौजियों और स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों ने कुंडली बॉर्डर पर किसानों द्वारा मनाए गए आजादी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
देश के पूर्व फौजियों ने कुंडली बॉर्डर परेड भी की। पूर्व फौजी विजय कुमार मिश्रा, देवेंद्र सिंह और कपिल ने कहा की आज देश आजादी की 75वीं वर्षगांठ मना रहा है। किसान यहां अपने हक की लड़ाई लड़ रहे है। यह आंदोलन जब तक जारी रहेगा जब तक ये तीनों कृषि कानून वापस नहीं हो जाते। हमारे बच्चें देश की सीमाओं से तिरंगे में लिपटकर लौट रहे है और हमारे किसान यहां से किसान झंडे में लिपटकर जा रहे है। किसान अपनी लड़ाई जीतकर ही घर जाएंगे।
शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने चरखी दादरी में फहराया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस पर दादरी मुख्यालय पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। बलिदान स्टेडियम में शिक्षामंत्री के आगमन के चलते सुरक्षा के प्रबंध कड़े रहे। ध्वजारोहण से पहले शिक्षामंत्री रोज गार्डन स्थित शहीद स्मारक पहुंचे और वीर जाबांजों को श्रद्धांजलि दी। आयोजन में जिला उपायुक्त प्रदीप गोदारा, एसपी विनोद कुमार डीमेट तमाम प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। आयोजन में आठ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।
उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी ने 75वें स्वतंत्रता दिवस पर महाबीर स्टेडियम में आयोजित समारोह में ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। समारोह में मार्च मास्ट करने वाली विभिन्न टुकड़ियों का उन्होंने डीआईजी बलवान सिंह राणा के साथ निरीक्षण किया। उपायुक्त ने कहा कि आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर राष्ट्र इसे अमृत महोत्सव के रूप में मना रहा है।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 के दौरान डॉक्टर, नर्स, स्वास्थ्य कर्मियों, फ्रंटलाइन वकर्स, समाजसेवक, पुलिसकर्मी, सफाईकर्मी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। अनेक कोरोना योद्धाओं ने अपनी जान की परवाह न करते हुए महामारी के दौरान अभूतपूर्व कार्य किया है। स्वास्थ्य के क्षेत्र में एनीमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के तहत हिसार में जमीनी स्तर पर कार्य किया गया और नो योअर हिमोग्लोबिन तथा हिम वैन जैसे अभियान चलाए गए। इस क्षेत्र में जिले को प्रदेशभर में प्रथम स्थान मिला है।
करनाल में विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने फहराया ध्वज
स्वतंत्रता दिवस समारोह एनडीआरआई के खेल मैदान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।