प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 फरवरी को पठानकोट में चुनावी रैली करेंगे। रैली के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियां व जिला पुलिस सतर्क हो गई है। पुलिस, सीआईडी और काउंटर इंटेलिजेंस के उच्चाधिकारियों ने शुक्रवार को पठानकोट पहुंच सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। इसके अलावा एडीजीपी (तकनीक) राम सिंह गुरुवार को पठानकोट पहुंचे थे।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पठानकोट से सटे गांव भरोली स्थित-21 सब एरिया के मैदान में चुनावी रैली करेंगे। सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेने शुक्रवार को आईजी मुनीष चावला, एआईजी वरिंदर सिंह (सीआईडी), कांउटर इंटेलिजेंस के एआईजी आशीष कपूर, जिला चुनाव अधिकारी संयम अग्रवाल और एसएसपी सुरेंद्र लांबा पहुंचे। इस दौरान पावरकॉम व नगर निगम समेत विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारियों के अलावा भाजपा के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने पावरकॉम को बिजली व्यवस्था व नगर निगम को सफाई व अन्य कार्य जल्द निपटाने का आदेश दिया। इसके अलावा दोनों विभागों से वाहनों की पार्किंग और रूट मैप को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब में तीन चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। इसमें 14 फरवरी को जालंधर, 16 को पठानकोट और 17 फरवरी को फाजिल्का में जनसभा करेंगे।
रैली को सफल बनाने के लिए टीमें गठित
भाजपा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राकेश शर्मा, जिलाध्यक्ष विजय शर्मा और पूर्व मेयर अनिल वासुदेवा ने कहा कि 16 फरवरी को सुबह 10 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भरोली स्थित-21 सब एरिया के मैदान में लोगों को संबोधित करेंगे। मंच, लोगों के बैठने और सुरक्षा प्रबंधों के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने बताया कि रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी पदाधिकारियों के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया है।