अंबाला, नूंह और हिसार की तीन सड़क परियोजनाओं को सरकार ने दी मंजूरी
हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अंबाला जिले के घस्तीपुर क्रासिंग से टांगरी नदी बांध पर सड़क, नूंह जिले के गांव मानकी से जोगीपुर हथीन रोड की निर्माण योजना व हिसार जिले के न्योली कलां से दुर्जनपुर परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की गई। मुख्य सचिव गुरुवार को यहां ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से खरीद की जाने भूमि के प्रस्तावों के बारे में सचिवों की कमेटी बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
इस बैठक में हिसार, अंबाला, नूंह, झज्जर और सोनीपत के उपायुक्त वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से जुडे़ और कुल 10 विकास कार्यों को लेकर चर्चा की गई। मुख्य सचिव ने प्रदेश में सड़क तंत्र को सुदृढ़ एवं मजबूत करने के अलावा नई सड़कों के निर्माण को लेकर, संबंधित उपायुक्तों को नई सड़कों के निर्माण के लिए भूमि अधिग्रहण के कार्यों को व्यक्तिगत स्तर पर लोगों से बातचीत कर निपटाने के निर्देश दिये।
बैठक में अंबाला जिले में घस्तीपुर क्रासिंग से टांगरी नदी बांध पर सड़क कार्य को स्वीकृति प्रदान की गई। इस कार्य के लिए अधिग्रहण की जाने वाली भूमि के लिए करीब 87 प्रतिशत किसानों ने सहमति प्रदान कर दी है। इसके अलावा नूंह जिले के गांव मानकी से जोगीपुर हथीन रोड की सड़क निर्माण योजना और हिसार जिले के न्योली कलां से दुर्जनपुर परियोजना को भी मंजूर किया गया।
हिसार से जींद रोड से जोड़ने वाले संपर्क मार्ग के साथ साथ, नारनौंद बाईपास के निर्माण कार्य के लिए भूमि अधिग्रहण की भी विस्तार से चर्चा की और अधिकारियों को इस परियोजना की विस्तार समीक्षा कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिये। बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव, राजस्व और आपदा प्रबंधन पीके दास, वित्त विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव टीवीएसएन प्रसाद, लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।