स्टेट लीगल सर्विस अथॉरिटी (एसएलएसए) ने सामाजिक उत्तरदायित्व कार्यक्रम के तहत रविवार को मनीमाजरा के गवर्नमेंट स्कूल में ‘हमारी पाठशाला’ कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें अथॉरिटी की ओर से गोद ली गई इंदिरा कॉलोनी के गरीब और पिछडे़ वर्ग के बच्चों और उनके अभिभावकों के लिए मेडिकल कैंप लगाया।
इसमें करीब 200 लोगों की जांच की गई और उन्हें दवाइयां बांटी गई। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी टिप्स भी दिए गए। उन्हें लीगल एड की जानकारी दी गई। ताकि वक्त पड़ने पर वह कैसे निशुल्क कानूनी सेवाएं हासिल कर सकते हैं। इस मौके पर बच्चों के लिए खास तौर पर पपेट शो का भी आयोजन किया गया।
स्टेट लीगल सर्विस अथॉरिटी के चेयरमैन पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के जस्टिस सूर्यकांत कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। उनके अलावा एसएलएसए के मेंबर सेक्रेटरी एडीजे लालचंद और डिस्ट्रिक्ट लीगल सर्विस अथॉरिटी के सेक्रेटरी सीजेएम अनुभव शर्मा भी मौजूद रहे।
जस्टिम सूर्यकांत ने कार्यक्रम ‘हमारी पाठशाला’ के तहत इंदिरा कॉलोनी के लोगों के लिए लगाए हेल्थ कैंप, लीगल एड सर्विस, समाज कल्याण विभाग, नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो, एड्स कंट्रोल सोसाइटी, पीजीआई के ऑर्गन डोनेट डेस्क पर जाकर जानकारी ली। साथ ही कुछ सुझाव भी दिए।
बता दें कि एसएलएसए ने इंदिरा कॉलोनी को गोद लिया हुआ है। वह यहां रिटायर कर्नल वीएस ढिल्लों के साथ मिलकर गरीब बच्चों के उत्थान के लिए काम कर रहा है। इसके तहत वह बच्चों को शिक्षा और स्वास्थ्य संबंधी मदद करते हैं। इसके अलावा कॉलोनी के छोटे बच्चों और उनके अभिभावकों को नशे से दूर रहने के लिए खास तौर पर समय-समय पर कार्यक्रम आयोजित करते हैं।