सत्ता में आने के बाद, उनकी सरकार ने सिखों सहित सभी विदेशियों को पाकिस्तानी वीजा प्राप्त करने में आने वाली कठिनाइयों का एहसास किया है। सरकार ने पाकिस्तान की दशकों से चल रही वीजा व्यवस्था को बदल दिया है।
वीजा को लेकर बाधा पैदा करने की मानसिकता धीरे-धीरे कम होती जाएगी। इमरान खान ने दावा किया कि सिखों को एयरपोर्ट में भी वीजा देने का प्रबंध किया जाएगा। वीजा किस एयरपोर्ट के लिए होगा, इसका खुलासा इमरान नहीं कर सके।
इमरान खान पाकिस्तान पंजाब के गवर्नर हाउस में आयोजित तीन दिवसीय इंटरनेशनल सिख सम्मेलन के समापन समारोह में उपस्थित दुनिया भर से आए सिख विद्वानों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा साहिबान के दर्शनों के लिए आने वाले सिखों को हर संभव सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी पाकिस्तान सरकार की होगी। इमरान खान ने कहा कि श्री करतारपुर साहिब सिखों का मदीना है और श्री ननकाना साहिब मक्का है।
सिखों को उनके मक्का-मदीना से दूर नहीं किया जाएगा। पाकिस्तान में जितने भी गुरुद्वारा साहिब है, वहां भी सभी सुविधाएं दी जाएंगी। 550वें प्रकाश पर्व पाकिस्तान सरकार सिखों के साथ उत्साह के साथ मनाएगी।