नशा बेचने वालों की सूचना पुलिस को दें
राज्यपाल ने कहा कि सीमावर्ती गांवों के लोगों से अपील की है कि अगर उनके गांव में कोई नशे का आदी है तो उसका इलाज करवाएं और अगर कोई नशा बेचता है तो उसकी सूचना पुलिस को दें। पुलिस तो अपना काम कर ही रही है। अगर सीमावर्ती गांवों में बनी रक्षा समितियां भी सतर्क हो जाएं तो समाज के दुश्मनों की पहचान आसानी से की जा सकती है।
उन्होंने पंजाब के मुख्य सचिव अनुराग वर्मा से कहा कि राज्य के अन्य जिलों में भी ग्राम रक्षा समितियां गठित की जाएं। उन्होंने पंजाब की समृद्ध विरासत और बलिदान के इतिहास को भी याद किया। उन्होंने गांव चौड़ा कलां की ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों शमशेर सिंह, गुरजीत सिंह, दलेर सिंह और मंजीत सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया, जिन्होंने नशा तस्कर को पकड़ने और 12 किलो 800 ग्राम हेरोइन बरामद करने में पुलिस और बीएसएफ की मदद की है।
मिशन आबाद शिविर का निरीक्षण किया
इससे पहले राज्यपाल बनवारी लाल पुराहित ने अधिकारियों के साथ सरकारी हाई स्कूल नाड़ांवाली में 'सरकार तुहाडे द्वार' कार्यक्रम के तहत जिला प्रशासन द्वारा आयोजित मिशन आबाद शिविर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने लाभार्थियों को दी गई सेवाओं के प्रमाण पत्र भी वितरित किए। इससे पहले समारोह में पहुंचने पर पंजाब के मुख्य सचिव अनुराग वर्मा ने उनका स्वागत किया।