नवरात्र में भक्तों के लिए ट्राइसिटी से विशेष बसें चलाई जाएंगी। माता मनसा देवी मंदिर के लिए कालका, जीरकपुर, बरवाला, नारायणगढ़, चंडीमंदिर, कालका काली माता मंदिर, चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन, डेराबस्सी, सेक्टर-43 बस स्टैंड और सेक्टर-17 बस स्टैंड से स्पेशल बसें चलेंगी।
शारदीय नवरात्र रविवार से शुरू हो रहे हैं। इस अवसर पर पंचकूला का श्री माता मनसा देवी का मंदिर कोलकाता के फूलों से सजाया जाएगा। कोलकाता के गेंदे का फूल बड़ा और दिखने में सुंदर होता है। गेंदे के फूल के अलावा मंदिर को जरबेरा, गुलाब, कार्नेशन, ऑर्किड, विलियम, रजनीगंधा सहित अन्य फूलों से भी सजाया जाएगा। फूलों की सजावट पर करीब बीस लाख रुपये खर्च आएगा।
नौ दिन होगी भजन संध्या
सिंह द्वार से लेकर श्रीमाता मनसा देवी मंदिर को रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जाएगा। भक्तों को रास्ते में रंग-बिरंगी लाइटों की सजावट देखने को मिलेगी। इसके अलावा पूरे भवन को भी लाइटों से सजाया जाएगा। लाइटों की सजावट पर करीब पंद्रह लाख रुपये तक का खर्चा आएगा। नवरात्र के नौ दिन रोजाना भजन संध्या होगी। नवरात्र रविवार से शुरू होंगे इसके लिए श्राइन बोर्ड ने लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं, ताकि भक्तों को दर्शन करने में किसी भी तरह की दिक्कत ना हो।
भक्तों के लिए इन रूटों से चलेंगी बसें
नवरात्र में भक्तों के लिए ट्राइसिटी से विशेष बसें चलाई जाएंगी। माता मनसा देवी मंदिर के लिए कालका, जीरकपुर, बरवाला, नारायणगढ़, चंडीमंदिर, कालका काली माता मंदिर, चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन, डेराबस्सी, सेक्टर-43 बस स्टैंड और सेक्टर-17 बस स्टैंड से स्पेशल बसें चलेंगी ताकि दूर से माता के दर्शन करने के लिए आने वाले भक्तों को किसी भी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। यह सभी बसें अलग-अलग समय पर चलेंगी।
बुजुर्ग-गर्भवती महिलाएं लिफ्ट से करेंगे प्रवेश
बुजुर्ग और गर्भवती महिलाओं को लिफ्ट से प्रवेश दिया जाएगा। इन लोगों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा ताकि इन्हें दर्शन करने में किसी भी तरह की दिक्कत ना हो। इसके अलावा मंदिर में अस्थायी शौचालय लगाए जाएंगे। दो एंबुलेंस लगाई जाएंगी। सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में बेड रिजर्व रहेंगे। 24 घंटे पैरामेडिकल स्टाफ और डॉक्टरों की टीम मौजूद रहेगी। डेंगू से बचाव के लिए मंदिर में दवा का छिड़काव किया जाएगा।
नवरात्र को लेकर मंदिर में लगभग सभी तैयारियां को पूरी कर ली गई हैं। भक्तों को दर्शन करने में किसी भी तरह की दिक्कत ना हो इसके लिए विशेष तरह के इंतजाम किए जाएंगे। - अशोक बंसल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड