भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि सिद्धू की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। सिद्धू ने अपने इस्तीफे में पंजाब के हित व भविष्य के साथ समझौता नहीं करने की बात लिखी है, जबकि सिद्धू अपने भविष्य और हित के साथ कोई समझौता नहीं कर सकते।
सिद्धू ने अपने खेल से कैप्टन अमरिंदर सिंह को मात तो दे दी लेकिन उनका मुख्यमंत्री बनने का सपना फिर चूर-चूर हो गया। हाईकमान द्वारा बनाए गए मुख्यमंत्री को सिद्धू अपनी कठपुतली बना कर रखना चाहते थे लेकिन उनका वो सपना भी टूट गया।
सिद्धू की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। सिद्धू की महत्वाकांक्षा बहुत ऊंची है और वह खुद को कांग्रेस हाईकमान ही मानते हैं। उन्हें लगता है कि जो वो कह रहे हैं या कर रहे हैं सिर्फ वही ठीक है, जो कि किसी भी संगठन के अंदर कभी संभव नहीं होता। - अश्वनी शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष, पंजाब भाजपा।
पंजाब कभी भी इतना अपमानित नहीं हुआ। कांग्रेसियों ने रोजाना सुबह-शाम पंजाब की आन-शान को ठेस पहुंचाकर पंजाब और पंजाब के लोगों को शर्मसार कर दिया है। कांग्रेसियों की कुर्सी की भूख किसी को भी शर्मिंदा कर सकती है। भगवान से प्रार्थना है कि कुर्सी के इन भूखे कांग्रेसियों से पंजाब और पंजाब के लोगों को जल्द छुटकारा दिलाएं। - भगवंत मान, प्रदेश अध्यक्ष, पंजाब आप।
मैंने पहले ही कहा था कि सिद्धू एक मिस गाइडेड मिसाइल हैं। जिसका पता नहीं कि कहां जाएगी या किसे मारेगी। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष बनकर पहले कैप्टन को तबाह किया और अब अपनी पार्टी कांग्रेस को तबाह करने पर तुले हैं। पंजाब को यदि बचाना है तो सिद्धू साहब से विनती है कि वे मुंबई चले जाएं। - सुखबीर सिंह बादल, अध्यक्ष, शिरोमणि अकाली दल।