चंडीगढ़। मरीजों की परेशानी को ध्यान में रखते हुए पीजीआई प्रशासन द्वारा टेली कंसल्टेशन के लिए शुरू की गई ऑनलाइन पंजीकरण सुविधा का मरीजों को बेहतर लाभ मिलने लगा है। 6 दिनों में ही 1300 से ज्यादा मरीज पंजीकृत किए जा चुके हैं। प्रतिदिन 200-250 मरीजों का ऑनलाइन पंजीकरण किया जा रहा है जबकि इससे पहले फोन के द्वारा पंजीकरण की सुविधा से मरीज काफी असंतुष्ट थे। मरीजों की शिकायत थी कि प्रशासन द्वारा जारी किए गए फोन नंबर लगते ही नहीं हैं।
मरीजों की इस परेशानी को गंभीरता से लेते हुए पीजीआई प्रशासन ने टेली कंसल्टेशन में पंजीकरण के लिए ऑनलाइन सुविधा शुरू की है। इस सुविधा के तहत मरीज एक महीने एडवांस में भी अपना पंजीकरण करा सकते हैं। ऑनलाइन प्रक्रिया में फोन न उठने या नंबर बिजी रहने की शिकायत का समाधान हो चुका है। फोन के साथ ही ऑनलाइन पंजीकरण शुरू हो जाने से फोन लाइन पर बढ़ता दबाव काफी हद तक कम होने लगा है।
पुराने मरीजों को ऐसे करना होगा पंजीकरण
ऑनलाइन पंजीकरण के लिए आवेदन वेब पेज pgimer.edu.in पर अपना सीआर नंबर दर्ज करना होगा। इसके बाद पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एक ओटीपी आएगा। यदि मोबाइल में किसी समस्या के कारण ओटीपी नहीं मिलता है तो फोन नंबर 0172-2756594 पर सुबह 11 से दोपहर 1 बजे के बीच संपर्क करना होगा। टेली-परामर्श के लिए अपने सभी पुराने ओपीडी कार्ड, रिपोर्ट की पीडीएफ तैयार रखें।
इस बात का रखें ध्यान
प्री-पंजीकरण की सुविधा रेडियोथेरैपी विभाग में उपलब्ध नहीं है। यह सुविधा केवल टेली-परामर्श के लिए ऑनलाइन प्री-पंजीकरण के लिए है, ऑनलाइन डॉक्टर की अप्वाइंटमेंट के लिए नहीं।
नए मरीजों को ऐसे करना होगा पंजीकरण
व्हाट्सएप सुविधा से लेस मोबाइल नंबर ही पीजीआई के पोर्टल पर पंजीकृत करना होगा। इसका उपयोग मरीज की जांच रिपोर्ट को देखने के लिए और निर्धारित उपचार के बारे में जानकारी भेजने के लिए किया जाएगा। यहां अपनी ई-मेल आईडी भी दर्ज की जा सकती है।