चंडीगढ़। नए साल के जश्न के दौरान हुड़दंगियाें पर नकेल कसने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने 30 और 31 दिसंबर की रात कई विशेष नाके लगाए और अभियान चलाया। सिर्फ 31 दिसंबर की रात पुलिस ने 60 शराबी पकड़े और 35 गाड़ियां जब्त कीं। इस दौरान कुल 1317 चालान किए गए।
पुलिस की तरफ से बताया गया कि 30 और 31 दिसंबर की रात को चंडीगढ़ में 418 ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। 30 दिसंबर को पांच और 31 दिसंबर को कुल 38 नाके लगाए गए थे। दो दिन में कुल 85 लोग शराब के नशे में गाड़ी चलाते हुए पकड़े गए। पुलिस ने इन सभी के चालान कर दिए। गलत जगह गाड़ी खड़ी करने पर 269 लोगों के चालान कटे। इसके अलावा विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर दो दिन में 2358 चालान काटे गए और कुल 66 वाहन जब्त किए गए। इस तरह पुलिस ने सभी तरह के उल्लंघनों को मिलाकर 2358 चालान काटे हैं।
31 दिसंबर की रात 28 हादसे, एक जगह लगी आग
31 दिसंबर की रात को 112 नंबर पर कई फोन आए जिसमें से 194 जगहों पर पुलिस पहुंची। पुलिस की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार लड़ाई-झगड़े की 43, हादसे की 28, हुड़दंग के 9, पटाखे जलाने के दो, आग लगने की एक और अन्य तरह की कुल 111 घटनाएं सामने आईं। इन सभी जगहों पर पुलिस की पीसीआर पहुंची। पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष कम घटनाएं हुईं। पिछली बार 228 घटनाएं हुई थीं, जबकि इस बार 194 घटनाएं हुई हैं।