अप्रैल से बुढ़ापा और विधवा पेंशन 500 की बजाए 1 हजार रुपये मिलेगी। प्रशासन ने बुढ़ापा पेंशन को दोगुणा कर दिया है। इसके अलावा पेंशन के लिए पारिवारिक वार्षिक आय की शर्त को भी 12 हजार से बढ़ाकर डेढ़ लाख कर दिया है।
जिससे बहुत से नए लोग भी अब पेंशन का लाभ ले सकेंगे। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत आने वाले लोग भी योग्य होंगे। इस समय चंडीगढ़ में 10 हजार 300 बुजुर्ग और 6400 विधवा पेंशन धारक हैं। दिव्यांग और बेसहारा बच्चों की पेंशन भी रिवाइज की जा रही है।
यह पेंशन हरियाणा की तर्ज पर बढ़ाई जानी है। अभी दिव्यांग और बेसहारा बच्चों को 500 रुपये पेंशन मिलती है। जबकि इसे बढ़ाकर 2100 रुपये करने की तैयारी है।
डीसी अजीत बालाजी जोशी ने दिव्यांग एसोसिएशन की मांग पर पेंशन रिवाइज करने के आदेश समाज कल्याण विभाग को दिए थे। जिसके बाद विभाग ने अपना प्रस्ताव उच्चाधिकारियों को भेज दिया था। जल्द ही इसके बढ़ने की सूचना मिलेगी।