चंडीगढ़। शहर के सरकारी स्कूलों में सोमवार से पांचवीं से आठवीं तक के सभी विद्यार्थियों की ऑफलाइन परीक्षाएं शुरू होंगी। सभी विद्यार्थियों का ऑफलाइन माध्यम में परीक्षा देने के लिए स्कूल आना अनिवार्य है। वहीं तीसरी और चौथी कक्षा की परीक्षाएं ऑनलाइन माध्यम में होगी, क्योंकि अभी तक इन कक्षाओं के लिए विभाग ने ऑफलाइन कक्षा शुरू करने के निर्देश नहीं दिए हैं।
पांचवीं से आठवीं तक केविद्यार्थी सोमवार को लगभग डेढ़ वर्ष के बाद ऑफलाइन परीक्षा में बैठेंगे। लंबे समय से कोरोना महामारी के कारण चल रही ऑनलाइन कक्षाओं में विद्यार्थी परीक्षा भी ऑनलाइन ही दे रहे थे। हालांकि अभी मासिक एसए-1 परीक्षा है, लेकिन इसमें भी विद्यार्थियों की ऑनलाइन शिक्षा में उनके प्रदर्शन में आई गिरावट का पता चल जाएगा। ऑनलाइन परीक्षाओं में शिकायत आ रही थी कि सभी विद्यार्थी पूरा पेपर ही सही लिख रहे थे, जबकि ऑफलाइन परीक्षाओं में अपेक्षाकृत विद्यार्थियों के कम अंक आते हैं। कक्षा नौवीं से बारहवीं तक की ऑफलाइन कक्षाएं जारी रहेंगी। शिक्षा विभाग ने स्कूलों को छूट दी है कि अगर उन्हें लगता है कि विद्यार्थियों की संख्या अधिक है तो दो शिफ्ट में परीक्षा आयोजित कर सकते हैं।