हरियाणा के मेवात कैडर के 101 स्कूलों में एक भी शिक्षक नहीं है। 92 स्कूल सिर्फ एक शिक्षक के सहारे चल रहे हैं। 8506 स्वीकृत पदों में से 4181 पद खाली हैं। सरकार अगले पांच माह में 1637 पद भरेगी। एचएसएससी को भर्ती प्रक्रिया के लिए मांग पत्र भेजा जा चुका है। आउटसोर्सिंग के जरिये भी भर्ती होगी।
शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने शुक्रवार को विधानसभा में यह जानकारी दी। नूंह के विधायक आफताब अहमद ने मेवात में शिक्षकों की कमी को लेकर सवाल पूछा था। प्रश्नकाल में उन्होंने इस मुद्दे पर सरकार को जमकर घेरा। आफताब ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अति प्राथमिकता वाले जिले में शिक्षा का यह हाल है। इस पर गुर्जर ने कहा कि सेवानिवृत्त शिक्षकों की सेवाएं लेंगे। पदमुक्त किए गेस्ट को दोबारा रखा जाएगा।
मेवात कैडर में जाने वाले अन्य जिलों के शिक्षकों को देंगे 10 फीसदी अधिक वेतन
शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने कहा कि मेवात कैडर में जाने वाले अन्य जिलों के शिक्षकों को 10 फीसदी अधिक वेतन देंगे। इच्छुक शिक्षकों के आवेदनों को एक माह में निपटाया जाएगा। 938 राजकीय विद्यालयों में 4325 शिक्षक कार्यरत हैं। उच्च विद्यालयों में 2015 से अब तक कुल 93 प्रधानाचार्य, 91 मौलिक शिक्षा मुख्य अध्यापक पदोन्नति के जरिये नियुक्त किए हैं। सीधी भर्ती से 619 मौलिक शिक्षकों की भर्ती की है।
यह भी पढ़ें ः हरियाणा: बीते वर्ष के मुकाबले बढ़ा अपराध, दुष्कर्म, अपहरण, चोरी-वाहन चोरी, झपटमारी, मानव तस्करी के मामले बढ़े
पीजीटी के 315, टीजीटी के 370 और पीआरटी के 952 पदों की भर्ती के लिए मांग पत्र हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग को भेजा गया है। भर्ती प्रक्रिया 4-5 माह की अवधि में पूरी कर ली जाएगी। पदोन्नति के जरिये भरे जाने वाले पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है। 8 मेवात मॉडल स्कूलों को कार्यरत कर्मचारियों व संपत्तियों सहित अधिग्रहण करने का निर्णय लिया है। इनमें 238 शिक्षक शिक्षा विभाग में समायोजित किए जाएंगे।