गौरतलब है कि सिद्धू इससे पहले भी प्रदेश इकाई के फैसलों और बैठकों को अनदेखा करते रहे हैं और अपने खिलाफ बयान पर इसी अंदाज में जवाब भी देते रहे हैं। चार दिन पहले जब देवेंद्र यादव ने आगामी कन्वेशन की तैयारियों के लिए पार्टी नेताओं की बैठक बुलाई तो सिद्धू को भी न्योता भेजा गया लेकिन सिद्धू इसमें नहीं आए बल्कि उसी दिन सोशल मीडिया पर उन्होंने अपनी एक बैठक की फोटो शेयर की, जिसमें सिद्धू के साथ पंजाब कांग्रेस के तीन पूर्व प्रधान भी मौजूद दिखाई दे रहे थे।
उन्होंने फोटो का कैप्शन लिखा कि राजनीति के ताजा हालात पर चर्चा करते हुए। इस तरह सिद्धू ने दूसरी बार प्रदेश इकाई को अपनी ताकत की झलक दिखाने का प्रयास भी किया। इससे पहले जब देवेंद्र यादव ने चुनाव समिति की बैठक बुलाई थी, उस समय भी सिद्धू ने समिति की बैठक में शामिल होने की बजाय अपने समर्थकों की एक समानांतर बैठक आयोजित की थी। पार्टी सूत्रों के अनुसार, कन्वेशन संबंधी बैठक की अनदेखी और उसके समानांतर बैठक बुलाए जाने के सिद्धू के रवैये के बारे में देवेंद्र यादव ने एक अन्य रिपोर्ट हाईकमान को भेज दी है।