एनटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) को लेकर प्रधान ने कहा कि एनटीए को बेहतर और मजबूत बनाने के लिए कदम उठाए हैं। एनटीए का नेतृत्व बदला गया है। ऐसे मामलों के खिलाफ सख्त कानून बनाया गया है। पूरी जांच के लिए मामला सीबीआई को सौंपा गया है।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि नीट पीजी का नया शेड्यूल जल्द घोषित किया जाएगा। आगामी सप्ताह में सोमवार (1 जुलाई) या मंगलवार को परीक्षा इसका एलान किया जाएगा। इसके लिए नेशनल मेडिकल काउंसिल ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह परीक्षा पहले इसी साल 23 जून को होनी थी लेकिन परीक्षा से मात्र 12 घंटे पहले ही इसे रद्द कर दिया गया।
विज्ञापन
प्रधान शनिवार को पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में प्रेसवार्ता कर रहे थे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा नीट को लेकर सदन में चर्चा के लिए पूरी तरह से तैयार है, लेकिन कांग्रेस चर्चा से भाग रही है।
कांग्रेस सिर्फ भ्रम और अफवाह फैलाना चाहती है। राष्ट्रपति ने खुद नीट के मुद्दे का उल्लेख अपने अभिभाषण में किया है। कांग्रेस के पास चर्चा का अवसर था, लेकिन उनको सिर्फ राजनीति करनी है। उनको विद्यार्थियों से कोई मतलब नहीं है।
विज्ञापन
लोकसभा अध्यक्ष के चुनाव के सवाल पर प्रधान ने कहा कि कांग्रेस विपक्षी पार्टी की जगह रोड़े अड़ाने वाला दल बन गया है। कांग्रेस ने लोकसभा स्पीकर के चुनाव करवाने और राष्ट्रपति के अभिवादन पर चर्चा को अटकाने की कोशिश की। इससे कांग्रेस पार्टी की सोच का पता चलता है।