कांग्रेस नेताओं ने अब खुलकर मुख्यमंत्री भगवंत मान पर बदले की राजनीति करने का आरोप लगाना शुरु कर दिया है। पंजाब कांग्रेस के प्रधान राजा वड़िंग ने खैरा की गिरफ्तारी के बाद कहा था कि खैरा पर झूठा मामला दर्ज किया गया है। पंजाब में इस समय जंगल राज शुरू हो चुका है और बदले की राजनीति चरम पर है। खैरा को आठ साल पुराने मामले में फंसाकर गिरफ्तार किया गया है।
राजा वड़िंग और प्रताप सिंह बाजवा समेत कई दिग्गज कांग्रेस नेता पंजाब में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन के पक्ष में नहीं हैं। उधर, राज्य की आप सरकार कांग्रेस नेताओं के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई में जुटी है। खैरा की गिरप्तारी से प्रताप सिंह बाजवा इतना भड़के कि उन्होंने एक्स पर लिखा दिया था कि मुख्यमंत्री भगवंत मान, सरकारें सदा नहीं रहतीं। आपके तानाशाह गुंडाराज की सख्त आलोचना करता हूं। पंजाब कांग्रेस के सभी कैडर को विश्वास दिलाता हूं कि मैं पार्टी की पूरी लीडरशिप और हर कार्यकर्ता के साथ चट्टान की तरह खड़ा हूं। सुखपाल सिंह खैरा की रिहाई के लिए हम डटकर लड़ाई लड़ेंगे।
अब तक इन पर हो चुकी कार्रवाई
पंजाब में आप सरकार इससे पहले पूर्व मंत्री भारत भूषण आशु, साधु सिंह धर्मसोत, पूर्व उपमुख्यमंत्री ओपी सोनी, सुंदर शाम अरोड़ा को भ्रष्टाचार के विभिन्न मामलों में जेल भेज चुकी है। संगत सिंह गिलजियां, मनप्रीत सिंह बादल, भरत इंदर चहल पर केस दर्ज हो चुका है। वहीं विधायक सतकार कौर, कुशलदीप सिंह ढिल्लों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा करीब एक दर्जन विधायकों के खिलाफ विजिलेंस की जांच जारी है।