फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब: अवैध खनन पर सिद्धू और खैरा का सीएम पर निशाना, पूछा- रेत से आने वाले 20 हजार करोड़ रुपये कहां हैं

Sat, 09 Apr 2022 12:14 AM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

सुखपाल खैरा ने कहा कि मान सरकार को अवैध खनन पर एक श्वेत पत्र जारी करना चाहिए और इस पूरे मामले का खुलासा करना चाहिए। सरकार को बताना चाहिए कि पिछले कुछ वर्षों से पैसा कौन लूट रहा है।
विज्ञापन
नवजोत सिंह सिद्धू (फाइल फोटो)
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब में रेत की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू और विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधा है। नवजोत सिद्धू ने जहां ट्वीट कर, अवैध रेत खनन रोकने के लिए हुई बैठक को ड्रामा करार दिया, वहीं सुखपाल खैरा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अवैध रेत खनन पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। साथ ही पूछा है कि रेत से आने वाले 20 हजार करोड़ रुपये कहां हैं?

विज्ञापन


सिद्धू ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा कि ग्राउंड जीरो से रेत की कीमत एक महीने में दोगुनी हो गई। ठेकेदारी प्रणाली ही मूल कारण है। एकमात्र उपाय है ठेकेदारी प्रणाली को खत्म करना, राज्य को रेत पर नियंत्रण रखना, निश्चित दरें, ऑनलाइन बुकिंग और ट्रैकिंग और नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करना। 

उन्होंने कहा कि रेत की जो ट्राली एक महीने पहले चार हजार रुपये की थी, वह अब 9 हजार रुपये की हो गई है, जो आम आदमी की पहुंच से बाहर है। अवैध खनन जारी रहने पर सवाल उठाते हुए सिद्धू ने पूछा कि सरकार क्या कर रही है। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को टैग करते हुए पूछा कि रेत से आने वाले 20 हजार करोड़ रुपये कहां हैं?
विज्ञापन


उधर, कांग्रेस विधायक सुखपाल खैरा ने भी मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में लिखा है कि सरकार को बताना चाहिए कि खनन के 20 हजार करोड़ रुपये कहां हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध खनन लगातार जारी है। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अवैध खनन में लिप्त लोगों के बारे में हाईकमान को बताया था। 

खैरा ने कहा कि मान सरकार को अवैध खनन पर एक श्वेत पत्र जारी करना चाहिए और इस पूरे मामले का खुलासा करना चाहिए। सरकार को बताना चाहिए कि पिछले कुछ वर्षों से पैसा कौन लूट रहा है। उन्होंने कहा कि समय आ गया है कि सरकार उन सियासतदानों, नौकरशाहों और बिचौलियों का पर्दाफाश करे, जो अवैध खनन के कारोबार में शामिल हैं। 

विज्ञापन

भाजपा ने केजरीवाल के दावों को झूठा बताया
अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की ओर से सूबे में सरकार बनने के बाद भ्रष्टाचार के खात्मे के दावों पर भाजपा ने सवाल उठाए हैं। भाजपा का कहना है कि केजरीवाल के दावे झूठे हैं, क्योंकि वह सूबे में अलग-अलग दिनों की संख्या बताकर भ्रष्टाचार खत्म होने की बात कह रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने केजरीवाल के तीन वीडियो भी शेयर किए हैं।

भाजपा ने सोशल मीडिया पर शुक्रवार को एक वीडियो शेयर किया, जो अरविंद केजरीवाल का है। इसमें अपने गुजरात दौरे के दौरान केजरीवाल यह कहते दिखाई दे रहे हैं कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार ने 10 दिन में पंजाब में भ्रष्टाचार खत्म कर दिया। एक अन्य इंटरव्यू के वीडियो में केजरीवाल को यह कहते हुए दिखाया गया कि हमने 16 दिन में पंजाब में भ्रष्टाचार खत्म कर दिया। 

हिमाचल यात्रा के दौरान केजरीवाल ने दावा किया था कि पंजाब में हमने 20 दिन में भ्रष्टाचार खत्म कर दिया। पंजाब भाजपा ने केजरीवाल के तीनों बयानों का वीडियो जारी कर कहा है- केजरीवाल जी, गिनती सीख लो। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 23 मार्च को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक एंटी करप्शन हेल्पलाइन नंबर जारी किया था। अरविंद केजरीवाल 23 मार्च से ही पंजाब में भ्रष्टाचार खत्म हो जाने के आधार पर 10, 16 और 20 दिन में भ्रष्टाचार खत्म करने की बात कह रहे हैं। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें