चंडीगढ़ के पंजाब कांग्रेस भवन में पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू की ताजपोशी की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। इस समारोह के लिए कांग्रेस नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह को न्योता भेजा गया था। अब समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, कैप्टन समारोह में आ सकते हैं। सरकार के चार कैबिनेट मंत्री इस ताजपोशी को यादगार बनाने के लिए समारोह की तैयारियों में लगे हुए हैं। सिद्धू 23 जुलाई को अपने चार कार्यकारी प्रधानों के साथ पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालेंगे। पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष कुलजीत सिंह नागरा ने कहा कि पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत ने समारोह में आने की पुष्टि कर दी है।
यह भी पढ़ें - अलग-थलग पड़े कैप्टन: नवजोत सिद्धू के शक्ति प्रदर्शन में साथ आए 62 विधायक, सिद्धूमय हुई गुरुनगरी
पंजाब कांग्रेस भवन में आयोजित होने वाले समारोह की तैयारियां पंजाब सरकार के मंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा के नेतृत्व में की जा रही हैं। रंधावा के साथ तीन और कैबिनेट मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, चरणजीत सिंह चन्नी और रजिया सुल्ताना भी मदद कर रहे हैं। नए भवन में नवजोत सिंह सिद्धू के साथ उनके चार कार्यकारी प्रधान संगत सिंह गिलजियां, सुखविंदर सिंह डैनी, पवन गोयल और कुलजीत सिंह नागरा के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। सिद्धू को नए भवन में एक नंबर कमरा आवंटित किया गया है। जबकि अन्य कार्यकारी प्रधानों के बैठने के लिए अलग अलग कमरों की व्यवस्था की जा रही है।
यह भी पढ़ें - पंजाब: सिद्धू 23 जुलाई को संभालेंगे कार्यभार, अमरिंदर सिंह को भेजा 65 विधायकों के हस्ताक्षर वाला आमंत्रण पत्र
सोनिया का बधाई पत्र लेकर पहुंचेंगे हरीश रावत
नवजोत सिंह सिद्धू की ताजपोशी में पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रियंका गांधी वाड्रा के पहुंचने की उम्मीद कम ही है। समारोह में दिल्ली से पंजाब प्रभारी के प्रभारी और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के पहुंचने की सूचना है। वह पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी का बधाई पत्र लेकर पहुंचेंगे।