नवजोत सिद्धू व नवजोत कौर सिद्धू।
- फोटो : फाइल
पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने पटियाला लोकसभा क्षेत्र से दावा ठोक दिया है। पटियाला के शेरां वाला गेट स्थित प्राचीन शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के मौके पर रखे धार्मिक समागम में शनिवार रात शिरकत करने पहुंचीं डॉ. सिद्धू ने कहा कि पटियाला उनकी कर्मभूमि है। इसलिए वह यहां के लोगों की सेवा करना चाहती हैं।
अगर हलके के लोग व कांग्रेस में उनके समर्थक चाहते हैं तो वह हलके से जरूर लोकसभा चुनाव लडना चाहेंगी। गौरतलब है कि डॉ. सिद्धू ने पटियाला के सरकारी मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की है। लंबे समय तक उन्होंने पटियाला की सरकारी मॉडल टाउन डिस्पेंसरी में काम किया लेकिन बाद में राजनीति के क्षेत्र में कदम रखने के लिए उन्होंने अपनी नौकरी से इस्तीफा दे दिया था।
इन दिनों पति नवजोत सिंह सिद्धू के रोड रेज मामले में पटियाला की जेल में बंद होने के चलते वह खुद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का हिस्सा बनी थीं। 26 जनवरी को जब सिद्धू की जेल से रिहाई नहीं हो पाई तो डॉ. सिद्धू ने सोशल मीडिया पर जमकर पंजाब की आप सरकार के खिलाफ हमला बोला था।