आम आदमी पार्टी के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद ने सरकारी नौकरियों में फर्जीवाड़े के मामले में हरियाणा सरकार को निशाने पर लिया है। जयहिंद ने दावा किया कि अनिल नागर ने रिमांड के दौरान दो मंत्रियों और कुछ अधिकारियों का नाम लिया है लेकिन अब मामले को दबाया जा रहा है।
जयहिंद ने कहा कि नागर की अकेले इस तरह की हिम्मत नहीं हो सकती है। नवीन जयहिंद ने कहा कि सीएम मनोहर लाल ईमानदारी का दावा करते हैं तो फिर इस मामले में कार्रवाई करें। प्रदेश में नौकरियां बिक रही हैं। सरकार को इस मामले की मौजूदा जज से जांच करवानी चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो विधानसभा सत्र में सदन का घेराव करेंगे।
नवीन जयहिंद ने कहा शुक्रवार वह हरियाणा लोक सेवा आयोग के कार्यालय में जाकर चेयरमैन का घेराव कर जवाब मांगेंगे। नवीन जयहिंद ने प्रेसवार्ता के बीच एक अटैची खोलकर गोसे और पैसे दिखाकर कहा कि ये शुक्रवार को हरियाणा लोक सेवा आयोग के चेयरमैन को देकर आएंगे।
जयहिंद ने कहा कि हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज और उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला अब चुप क्यों बैठे है। नवीन जयहिंद ने कांग्रेस पर भी साधा निशाना और कहा कि विपक्ष के नेता प्रेस कॉन्फ्रेंस करके चुप हो रहे हैं। ऐसे मामलों पर मैदान में नहीं आ रहे, क्योंकि सरकार ने इनकी फाइल बना रखी है।