संदीप, उसका साथी मित्ता और सुमित सहित करीब सात आरोपियों ने चाकू से शुभम पर हमला कर दिया। उसके पेट, सिर और छाती पर कई वार किए। अश्विनी, विक्रांत और मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने शुभम को मुश्किल से छुड़वाया। गंभीर हालत में उसे सीएचसी इंद्री में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने शुभम को मृत घोषित कर दिया।
दो साल पहले शुरू हुई थी रंजिश
शुभम और संदीप के बीच दो साल पहले रंजिश शुरू हुई थी। महीना भी सितंबर का ही था। 18 सितंबर 2017 को पुलिस में दी शिकायत में संदीप ने आरोप लगाया था कि 11 सितंबर को वह मटक माजरी से इंद्री की तरफ जा रहा था तो करीब 12 युवकों ने उसकी बाइक को रोक लिया।
शुभम और उसके साथियों ने उससे मारपीट की। सात दिन बाद 18 सितंबर को पुलिस ने शुभम, विक्रांत, अश्विनी व युगल के खिलाफ केस दर्ज किया था। यह केस फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है। यही पुरानी रंजिश बढ़ते-बढ़ते मर्डर तक पहुंच गई।
मृतक के चाचा संतोष की शिकायत पर तीन नामजद सहित सात पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास जारी हैं। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - सुरेंद्र कुमार, थाना प्रबंधक, इंद्री